UP Shravasti News: चंद्र प्रकाश शुक्ला, श्रावस्ती : उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में हुए इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने सीमावर्ती गांवों की 13 महिलाओं को सम्मानित किया। ये महिलाएं जमुनहा क्षेत्र की सात ग्राम पंचायतों से चुनी गई थीं। सम्मान के रूप में उन्हें उपहार और मिठाई भेंट की गई।

स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की अपील
जिलाधिकारी ने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों ) से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण और सही मार्गदर्शन के जरिए महिलाएं स्वरोजगार के अवसर तलाश सकती हैं और अपनी आमदनी बढ़ा सकती हैं। कार्यक्रम में महिलाओं को हुनरमंद बनाने और उन्हें रोजगार से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
गांवों में जागरूकता फैलाने की सौंपी जिम्मेदारी
कार्यक्रम में सम्मानित महिलाओं से अपने गांवों में सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और पात्र परिवारों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की गई। उनसे कहा गया कि वे दूसरी महिलाओं को भी जागरूक करें, ताकि जरूरतमंद परिवार योजनाओं से वंचित न रहें। इस पहल का उद्देश्य सीमावर्ती गांवों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और उन्हें सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।