UP Congress Fight: कांग्रेस कार्यालय में रविवार को पदभार ग्रहण समारोह के दौरान कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान जूतेचप्पल चले और धक्कामुक्की हुई। करीब 30 मिनट तक हंगामा चलता रहा। मामला बढ़ने के बाद पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय धरने पर बैठ गए। सांसद प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद ने उन्हें मनाने की कोशिश की। इस दौरान अजय राय ने कहा कि मुझे गाली दी गई।

लखनऊ में कांग्रेस दफ्तर के अंदर चले जूतेचप्पल, आराधना मिश्रा के पदभार ग्रहण पर बवाल
लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच… pic.twitter.com/eKmFyrOnLG
— Bansal News Official October 11, 2026
अजय राय के पीछे मुड़ते ही बढ़ा हंगामा
बताया गया कि किसी बात को लेकर अजय राय और ममता चौधरी के बीच विवाद हुआ। यह सुनकर अजय राय पीछे मुड़े और कहा कि औकात में रहना। इसी दौरान उनके एक समर्थक ने जूता निकाल लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के समर्थकों में मारपीट शुरू हो गई।
प्रमोद तिवारी ने हाथ जोड़कर मनाया
हंगामे के बाद अजय राय धरने पर बैठ गए। मामला बिगड़ता देख सांसद प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद मौके पर पहुंचे। प्रमोद तिवारी ने अजय राय के सामने हाथ जोड़े। इमरान मसूद ने भी उन्हें मनाया। इस दौरान अजय राय की राहुल गांधी से फोन पर बात हुई। इसके बाद वह धरने से उठकर चले गए।
ममता चौधरी को पार्टी से निकालने की मांग
सूत्रों के मुताबिक अजय राय ने राहुल गांधी से ममता चौधरी को पार्टी से निकालने की मांग की। राहुल गांधी ने उनसे बैठकर बातचीत करने को कहा है। साथ ही इस मामले में कोई बयानबाजी नहीं करने को कहा। अजय राय और ममता चौधरी के बीच 3 साल से विवाद चल रहा है। राय ने ममता के पार्टी कार्यालय में आने पर रोक लगा दी थी। ममता को यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा का करीबी माना जाता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल नहीं हुए अजय राय
पदभार ग्रहण के दौरान हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजय राय शामिल नहीं हुए। इस पर मीडिया कर्मियों ने इमरान मसूद से सवाल पूछा। उन्होंने अजय राय का बचाव करते हुए कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व अध्यक्ष के आने की परंपरा नहीं रही है। पार्टी कार्यालय में उनसे चार्ज ले लिया गया है।
‘यूपी कांग्रेस को मजबूत करेंगे’
इमरान मसूद ने कहा कि पार्टी ने मुझ पर विश्वास जताया है। हमारा प्रयास है कि हम उस पर खरे उतरें। हम निश्चित रूप से यूपी में परिवर्तन लाएंगे और यूपी कांग्रेस को मजबूत करेंगे। इंडिया गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा।
ये खबर भी पढ़ें:
लखनऊ से पार्षद हैं ममता चौधरी
ममता चौधरी लखनऊ के मालवीय नगर की पार्षद हैं। बताया जाता है कि 2023 में किसी बात को लेकर उनकी अजय राय से कहासुनी हुई थी। इसके बाद राय ने ममता के पार्टी कार्यालय आने पर रोक लगा दी थी। आराधना मिश्रा के 2 अक्टूबर को प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से ममता फिर पार्टी कार्यालय आने लगी हैं।
ये खबर भी पढ़ें:
यूपी बीजेपी ने कसा तंज
कांग्रेस कार्यालय में हुए हंगामे पर यूपी बीजेपी ने तंज कसा। X पर लिखा कि मोहब्बत की दुकान में जूतमपैजार। कांग्रेस कार्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व अध्यक्ष अजय राय का मानमर्दन कर दिया।