झारखंड के बोकारो स्थित वेदांता ESL स्टील लिमिटेड प्लांट में गैस की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि इस जहरीली गैस की चपेट में आकर 2 कामगारों की मौत हो गई. वहीं कई अन्य कामगार बेहोश हो गए. ESL प्लांट में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान हजारीबाग के रहने वाले सोहन महतो और धनबाद के रहने वाले समीर अंसारी के रूप में हुई है.

जानकारी के मुताबिक दोनों मृतकों में से एक कंपनी का कर्मचारी था. वहीं दूसरा बिजनेस पार्टनर का इंजीनियर था. प्लांट के अंदर गैस की चपेट में आने के बाद दोनों मजदूरों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक घटना के कारणों की भी जांच कराई जा रही है.
प्लांट प्रबंधन ने जताया दुख
घटना के बाद प्लांट प्रबंधन ने कामगारों की मौत पर दुख जताया है. साथ ही इस कठिन परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होने और उन्हें हर संभव आर्थिक मदद का भी भरोसा दिया है. हालांकि अभी तक प्रबंधन ने स्पष्ट नहीं किया है कि प्लांट में गैस का रिसाव क्यों और कैसे हुआ. कंपनी प्रबंधन के मुताबिक इन सवालों के जवाब के लिए मामले की जांच कराई जा रही है. कंपनी प्रबंधन ने बताया कि फिलहाल गैस के रिसाव को काबू कर लिया गया है.
मौके पर पहुंचे अधिकारी
पुलिस के मुताबिक मामला चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र में वेदांत इलेक्ट्रो स्टील प्लांट परिसर में रविवार सुबह का है. हादसे के वक्त दोनों कामगार ब्लास्ट फर्नेस1 में ड्यूटी कर रहे थे. इसी दौरान गैस का रिसाव हुआ और वह इसकी चपेट में आ गए. सूचना मिलने पर श्रम विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हादसे के कारणों की जांच पड़ताल की.