SIP Payment Failed Rules: म्यूचुअल फंड में सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान यानी SIP के जरिए पैसा लगाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है. हर महीने एक तय तारीख को आपके बैंक खाते से पैसा कटता है और सीधे फंड में निवेश हो जाता है. लेकिन कई बार खाते में पर्याप्त बैलेंस न होने या किसी तकनीकी गड़बड़ी की वजह से SIP की किस्त कट नहीं पाती. ऐसे में निवेशक घबरा जाते हैं. उनके मन में सबसे पहला डर बैंक के जुर्माने और क्रेडिट स्कोर खराब होने का होता है. अगर आपके साथ भी कभी ऐसा हुआ है या आप निवेश करते हैं, तो इससे जुड़े नियम जानना बेहद जरूरी है.

बैंक चार्ज का पूरा गणित समझें
जब आपके बैंक अकाउंट में तय रकम नहीं होती या ऑटोडेबिट मैंडेट में कोई दिक्कत आ जाती है, तो SIP का ट्रांजैक्शन फेल हो जाता है. इस स्थिति में आपका बैंक खाते पर रिटर्न या डिशॉनर चार्ज लगा सकता है. ध्यान रखने वाली बात ये है कि ये जुर्माना सीधे बैंक की तरफ से वसूला जाता है. इसका म्यूचुअल फंड कंपनी के किसी भी शुल्क से कोई लेनादेना नहीं होता. बैंक आपसे कितना चार्ज काटेगा, ये पूरी तरह आपके बैंक के नियमों और आपके अकाउंट के प्रकार पर निर्भर करता है.
CIBIL स्कोर पर क्या पड़ता है असर
SIP की किस्त बाउंस होने के बाद ज्यादातर लोगों को इस बात की चिंता सताती है कि कहीं उनका CIBIL स्कोर न गिर जाए. राहत की बात ये है कि SIP फेल होने का आपके क्रेडिट स्कोर पर कोई सीधा असर नहीं पड़ता. दरअसल, SIP आपका खुद का निवेश है, कोई उधार नहीं. इसलिए बैंक खाते से किस्त न कटने को लोन की EMI या क्रेडिट कार्ड का बिल चूकने जैसा नहीं माना जाता. आपका क्रेडिट स्कोर पूरी तरह सुरक्षित रहता है.
कितनी बार चूक होने पर बंद होगी SIP
भले ही आपका CIBIL स्कोर न बिगड़े, लेकिन बारबार किस्त फेल होना आपके निवेश की रफ्तार को रोक सकता है. अगर आपकी SIP लगातार कई बार बाउंस होती है, तो म्यूचुअल फंड हाउस उसे खुद ही कैंसिल कर सकता है. इंडस्ट्री के तय नियमों के मुताबिक, SIP की अवधि के हिसाब से लगातार फेल होने वाली किस्तों की सीमा तय की गई है.
-
अगर आपकी डेली, वीकली, फोर्टनाइटली या मंथली SIP है, तो लगातार तीन बार पेमेंट फेल होने पर SIP कैंसिल हो सकती है.
-
वहीं अगर आपने दो महीने, तिमाही, छमाही या सालाना SIP चुन रखी है, तो लगातार दो बार किस्त बाउंस होने पर इसे बंद किया जा सकता है.
किस्त फेल होने पर तुरंत करें ये काम
अगर किसी महीने आपके खाते से SIP का पैसा नहीं कटा है, तो घबराने के बजाय तुरंत इसकी असली वजह का पता लगाएं. कई बार सिर्फ कम बैलेंस की वजह से ऐसा होता है. स्थिति को समय पर संभालने के लिए आपको इन 5 जरूरी बातों की जांच करनी चाहिए.
-
सबसे पहले अपना बैंक बैलेंस चेक करें कि किस्त की तारीख पर खाते में पूरा पैसा था या नहीं.
-
अपने ऑटोडेबिट मैंडेट का स्टेटस देखें कि वह एक्टिव है या किसी कारण से रुक गया है.
-
अगर आपने हाल ही में अपना बैंक अकाउंट बदला है, तो फंड हाउस के पास अपनी नई बैंक डिटेल अपडेट करें.
-
अपनी KYC की जानकारी जांचें, क्योंकि अधूरी या पुरानी KYC से भी ट्रांजैक्शन अटक सकता है.
-
अगर लगातार चूक की वजह से आपकी पुरानी SIP कैंसिल हो गई है, तो निवेश जारी रखने के लिए नई SIP शुरू करें.
समय पर इन छोटी बातों का ध्यान रखकर आप न केवल बैंक के बेवजह लगने वाले चार्ज से बच सकते हैं, बल्कि अपने लंबे समय के वित्तीय लक्ष्य को भी बिना किसी रुकावट के पूरा कर सकते हैं.