Meerut News: मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के उलधन गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. गांव निवासी नवाब के 27 वर्षीय बेटे यूनुस का मंगलवार को पावली गांव निवासी अंजुम के साथ निकाह हुआ था. निकाह के बाद देर रात करीब 10 बजे बारात वापस उलधन गांव पहुंची. घर में दूल्हादुल्हन का स्वागत किया गया. परिवार और रिश्तेदारों में खुशी का माहौल था. परिजनों के मुताबिक, यूनुस भी शादी को लेकर काफी खुश था. उसने घर पहुंचने के बाद नाचकर अपनी खुशी जाहिर की. इसके बाद परिवार और रिश्तेदार देर रात तक शादी का जश्न मनाते रहे.

फजर की नमाज पढ़कर घर लौटा
बुधवार तड़के यूनुस बड़ी मस्जिद में फजर की नमाज पढ़ने गया था. नमाज अदा करने के बाद वह वापस घर आया. परिजनों के अनुसार, घर लौटने के कुछ देर बाद वह बिना किसी को बताए बाहर चला गया. उस समय परिवार के लोगों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद इतनी बड़ी अनहोनी की खबर मिलेगी.
ये भी पढे़ं
आम के बाग में पेड़ से लटका मिला शव
घर से निकलने के करीब एक घंटे बाद गांव के पास सेतकुआ निवासी तेजवीर के आम के बाग में एक युवक का शव पेड़ से लटका होने की जानकारी ग्रामीणों को मिली. खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. जब शव की पहचान यूनुस के रूप में हुई तो परिवार में कोहराम मच गया. जिस घर में 12 घंटे पहले तक निकाह की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया. घटना की सूचना पुलिस को दी गई.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच
सूचना मिलते ही खरखौदा थाना प्रभारी समय पाल अत्री पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और घटना की जांच की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया.
परिजनों ने नहीं कराई कानूनी कार्रवाई
परिजनों ने पुलिस से किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं करने और शव उन्हें सौंपने की मांग की. पुलिस और परिवार के बीच बातचीत के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इसके बाद परिजन शव लेकर गांव चले गए. निकाह के महज करीब 12 घंटे बाद यूनुस की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है. फिलहाल युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है.