: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में शनिवार रात चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 17 लोगों की मौत हुई है, जबकि 40 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 13 महिलाएं, 3 पुरुष और एक बच्चा शामिल है। घायलों को अलगअलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पंडाल में अचानक मची भगदड़
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोरबागान पंडाल में भारी भीड़ जमा थी। इसी दौरान पंडाल के एक हिस्से के स्ट्रक्चर के टूटने की आशंका जताई जा रही है, जिसके बाद भगदड़ मच गई। चश्मदीदों के मुताबिक, पंडाल से बाहर निकलने का रास्ता भी काफी संकरा था।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। मेडिकल कॉलेज में 40 से 50 लोगों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री
हादसे के बाद मुख्यमंत्री अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों को थाने बुलाने के निर्देश दिए हैं। कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बंगाल सरकार की ओर से लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 18003455678 भी जारी किया गया है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी है।
91 साल पुराना है चोरबागान का पंडाल
चोरबागान का दुर्गा पूजा पंडाल इस साल अपने अनोखे ‘बियांड साउंड’ थीम को लेकर चर्चा में था। इस पंडाल को 91 साल पूरे हो चुके हैं। पंडाल का डिजाइन 360 डिग्री कॉन्सेप्ट पर तैयार किया गया था, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए गोलाकार ऊंचा गलियारा बनाया गया था।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इसी गलियारे में हादसा हुआ। पंडाल का उद्देश्य रोजमर्रा के शोर से दूर आध्यात्मिक शांति का अनुभव कराना था। इसे कलाकार सुशांत शिबानी पॉल ने तैयार किया था।