जापान की कार कंपनी Honda अपनी पॉपुलर SUV Elevate के नए Facelift मॉडल पर काम कर रही है. इस नई SUV को भारत के साथ दूसरे देशों में भी टेस्टिंग के दौरान कई बार देखा जा चुका है. अब ताजा जानकारी के मुताबिक, Honda Elevate Facelift लगभग तैयार है और आने वाले कुछ हफ्तों में भारतीय बाजार में लॉन्च हो सकती है.

रिपोर्ट्स के अनुसार, नई Elevate को सितंबर के आखिर या अक्टूबर की शुरुआत में पेश किया जा सकता है. Facelift मॉडल में कंपनी SUV के पुराने डिजाइन को पूरी तरह बदलने के बजाय उसमें कुछ जरूरी बदलाव कर सकती है. इससे कार का लुक नया और ज्यादा आकर्षक दिखाई देगा.
डिजाइन में क्या बदलेगा?
नई का बॉक्सी डिजाइन काफी हद तक मौजूदा मॉडल जैसा ही रह सकता है. हालांकि, इसके आगे और पीछे कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे.कार के सामने नई ग्रिल और नया बंपर दिया जा सकता है. इसके अलावा हेडलाइट्स के डिजाइन में भी थोड़ा बदलाव होने की उम्मीद है. हालांकि, LED हेडलैंप और फॉग लैंप जैसे फीचर्स आगे भी मिलते रहेंगे.
SUV के साइड हिस्से में नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स देखने को मिल सकते हैं. वहीं, पीछे की तरफ टेललाइट्स को नया डिजाइन दिया जा सकता है. इन छोटे बदलावों से Elevate Facelift का लुक पहले से ज्यादा फ्रेश नजर आएगा.
केबिन में मिल सकते हैं नए फीचर्स
कार के अंदर भी कुछ बदलाव किए जाने की उम्मीद है. डैशबोर्ड का मुख्य डिजाइन पहले जैसा रह सकता है, लेकिन कंपनी नए रंगों और कुछ नए फीचर्स के साथ केबिन को ज्यादा आधुनिक बना सकती है.नई में वेंटिलेटेड सीट्स, 360 डिग्री कैमरा और अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है.
मौजूदा मॉडल में पहले से 10.25 इंच का टचस्क्रीन, 8 स्पीकर वाला साउंड सिस्टम, वायरलेस चार्जिंग, 7 इंच का सेमीडिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, बिना चाबी के कार खोलने की सुविधा और बटन से इंजन स्टार्ट करने जैसे फीचर्स मिलते हैं. Facelift में इन फीचर्स के साथ कुछ और सुविधाएं जोड़ी जा सकती हैं.
इंजन में बड़ा बदलाव नहीं
Honda Elevate Facelift के इंजन में कंपनी बड़ा बदलाव करने के मूड में नहीं है. इसमें मौजूदा 1.5 लीटर, 4 सिलेंडर पेट्रोल इंजन ही दिया जा सकता है.यह इंजन 121 bhp की पावर और 145 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. गियरबॉक्स की बात करें तो इसमें 6 स्पीड मैनुअल और CVT ऑटोमैटिक का विकल्प जारी रहने की उम्मीद है.
सेफ्टी के मामले में भी SUV काफी मजबूत रहेगी. इसमें 6 एयरबैग, ABS, EBD और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलेंगे. इसके अलावा Honda Sensing के तहत कैमरे की मदद से काम करने वाली कई सुरक्षा सुविधाएं भी दी जाएंगी.
इन SUVs से होगा मुकाबला
Honda Elevate को भारत में 2023 में लॉन्च किया गया था. इसके बाद से कार में कोई बड़ा अपडेट नहीं आया है. कंपनी पहले इसका इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड मॉडल लाने की योजना पर भी विचार कर रही थी, लेकिन फिलहाल इन योजनाओं को आगे के लिए टाल दिया गया है.नई Elevate Facelift का मुकाबला Maruti Grand Vitara, Hyundai Creta, Kia Seltos, Skoda Kushaq और Volkswagen Taigun जैसी SUVs से होगा.
कीमत की बात करें तो उम्मीद है कि Honda नई Elevate Facelift को मौजूदा मॉडल के आसपास की कीमत पर ही लॉन्च कर सकती है. हालांकि, इसकी सही कीमत और फीचर्स की पूरी जानकारी लॉन्च के समय ही सामने आएगी.