अगर आप हर महीने म्यूचुअल फंड में पैसे लगाते हैं और SIP की किस्त Google Pay, PhonePe या किसी दूसरे UPI ऐप के जरिए जमा करते हैं, तो आपके लिए यह खबर काम की है. 15 अक्टूबर 2026 से UPI पेमेंट से जुड़े कुछ नियम बदलने वाले हैं. इसके बाद कई लोगों को डर है कि कहीं SIP की हर किस्त पर कोई नया चार्ज तो नहीं लग जाएगा. तो क्या अब हर महीने SIP करने के लिए ज्यादा पैसे देने होंगे? चलिए आपको आसान भाषा में समझाते हैं?

SIP करने वालों के लिए राहत की बात
SIP को आसान तरीके से समझें तो इसमें आप हर महीने एक तय रकम में निवेश करते हैं. जैसे, अगर आपने 5,000 रुपये की मासिक SIP शुरू की है, तो हर महीने आपके खाते से 5,000 रुपये की अमाउंट निवेश के लिए चली जाती है.
अगर आपने इसके लिए UPI AutoPay या UPI Mandate की सुविधा चालू कर रखी है, तो आपको ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है. 15 अक्टूबर से आने वाले नए UPI चार्ज का सीधा असर इस तरह होने वाली नियमित SIP किस्त पर नहीं पड़ेगा. यानी सिर्फ इस नए नियम की वजह से आपकी SIP की रकम बढ़ने वाली नहीं है.
PhonePe समेत कुछ UPI ऐप में AutoPay की सुविधा मिलती है. इसमें आप पहले ही अनुमति दे देते हैं कि तय तारीख को आपके बैंक खाते से SIP की रकम अपने आप कट जाए. इससे आपको हर महीने खुद पेमेंट करने की जरूरत भी नहीं पड़ती.
फिर 0.02 फीसदी चार्ज किस बात का है?
नए नियमों में निवेश से जुड़े कुछ पेमेंट के लिए अलग चार्ज तय किया गया है. शेयर और म्यूचुअल फंड से जुड़े कुछ पेमेंट पर 0.02 फीसदी MDR लगाया जा सकता है. इसकी अधिकतम सीमा 300 रुपये बताई गई है. इसे एक उदाहरण से समझते हैं. मान लीजिए कोई ऐसा पेमेंट 10,000 रुपये का है, जिस पर यह चार्ज लागू होता है. 10,000 रुपये का 0.02 फीसदी यानी 2 रुपये होता है.
लेकिन यहां एक जरूरी बात आपको समझना जरूरी है.MDR का मतलब यह नहीं है कि हर बार ग्राहक के खाते से सीधे यह पैसा काट लिया जाएगा. यह पेमेंट लेने वाले कारोबारी या संस्था से जुड़ा शुल्क है.
हर UPI पेमेंट पर नहीं लगेगा चार्ज
नए नियम का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि अब हर UPI पेमेंट पर पैसे देने होंगे. 2,000 रुपये तक के सामान्य दुकान या कारोबारी पेमेंट पर MDR नहीं लगेगा. इसी तरह अगर आप UPI से किसी दोस्त, रिश्तेदार या किसी दूसरे व्यक्ति को पैसे भेजते हैं, तो ऐसे व्यक्ति से व्यक्ति वाले पेमेंट पर भी यह चार्ज लागू नहीं होगा.
SIP करने वालों को क्या करना चाहिए?
अगर आपकी SIP पहले से UPI AutoPay के जरिए चल रही है, तो नए नियम को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है. नियमित SIP किस्त पर इस नए MDR का सीधा असर नहीं बताया गया है.