Former Ranji Cricketer Theft: उत्तरप्रदेश के मेरठ में चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है।

पूर्व रणजी क्रिकेटर आशु शर्मा के 14 वर्षीय बेटे ने पिता की डांट से नाराज होकर अपने ही घर में चोरी की साजिश रच डाली। किशोर ने दो दोस्तों की मदद से घर में रखे 11 लाख रुपये नकद और सोनेचांदी के जेवरात चोरी करवा दिए।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से महज तीन घंटे में मामले का खुलासा कर दिया। मेरठ के शास्त्रीनगर सेक्टर13 में रहने वाले आशु शर्मा पूर्व रणजी क्रिकेटर हैं। वह रेलवे में खेल कोटे से नियुक्त कर्मचारी हैं और हापुड़ रेलवे स्टेशन पर कार्यरत हैं।
आशु चाहते थे कि उनका बेटा भी क्रिकेट में करियर बनाए, लेकिन किशोर की इस खेल में रुचि नहीं थी। इसी बात को लेकर पिता ने उसे डांटा था और संपत्ति से बेदखल करने की चेतावनी दी थी। पुलिस के अनुसार, इसी नाराजगी में बेटे ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर घर में चोरी की योजना बनाई।
परिवार बाजार गया तो घर में हुई चोरी
रविवार दोपहर करीब 12:40 बजे आशु शर्मा अपनी पत्नी रीमा और बेटी के साथ स्कूटी से खरीदारी करने निकले थे। घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था, जबकि बेटा दूसरी मंजिल पर मौजूद था।
कुछ देर बाद बेटे ने पिता को फोन करके बताया कि घर में सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी खुली हुई है। आशु घर पहुंचे तो सेफ से 11 लाख रुपये नकद, करीब दस तोले सोने के आभूषण, चांदी की ईंट और अन्य कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज से खुला चोरी का राज
नौचंदी थाना पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में हुडी और मास्क पहने दो युवक घर के आसपास घूमते नजर आए। इसके बाद दोनों ताला खोलकर अंदर गए और करीब आधे घंटे बाद सामान लेकर बाहर निकल आए।
पुलिस को शक तब हुआ, जब पता चला कि घर का ताला चाबी से खोला गया था। जांच में सामने आया कि किशोर ने ही अपने दोनों दोस्तों को घर की चाबी उपलब्ध कराई थी। उनकी पहचान जिम में हुई थी।
तीन घंटे में खुलासा, नकदी और जेवर बरामद
पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनके पास से चार लाख रुपए नकद और सोनेचांदी के आभूषण मिले। वहीं, किशोर के पास छिपाकर रखे गए सात लाख रुपये भी बरामद हुए।
एसपी सिटी विनायक भोसले के अनुसार, चोरी की पूरी नकदी और जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने किशोर और उसके दोनों साथियों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में पिता की डांट से नाराजगी को वारदात की वजह बताया गया है।