Facial Hair Removal: खूबसूरत, बेदाग और निखरी त्वचा की चाह हर किसी को होती है। महिलाएं विशेष रूप से अपनी स्किन केयर को लेकर काफी जागरूक रहती हैं लेकिन चेहरे पर उगने वाले अनचाहे बाल अक्सर आत्मविश्वास को कम कर देते हैं। मेडिकल भाषा में इस स्थिति को हिर्सुटिज्म कहा जाता है। यह समस्या मुख्य रूप से शरीर में हार्मोनल असंतुलन विशेष रूप से एंड्रोजन हार्मोन के स्तर में वृद्धि के कारण होती है।

इसके अतिरिक्त वर्तमान जीवनशैली में पीसीओएस जैसी बीमारियां भी महिलाओं में फेशियल हेयर की ग्रोथ को बढ़ा देती हैं। अक्सर लोग इसके लिए पार्लर जाकर दर्दनाक वैक्सिंग या थ्रेडिंग का सहारा लेते हैं लेकिन अगर कुछ प्राकृतिक और घरेलू तरीके अपनाए जाएं, तो बिना किसी साइड इफेक्ट के इस समस्या को धीरे-धीरे कम किया जा सकता है।
बेसन और हल्दी
भारतीय घरों में बेसन और हल्दी का उपयोग सदियों से उबटन के रूप में किया जा रहा है। बेसन त्वचा की गहरी सफाई करता है और मृत कोशिकाओं को हटाने में मदद करता है। वहीं हल्दी में एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं जो त्वचा को स्वस्थ रखते हैं। इन दोनों का पेस्ट चेहरे पर लगाकर सूखने दें और फिर हल्के हाथों से रगड़कर उतारें। नियमित इस्तेमाल से बालों की ग्रोथ कम होने लगती है।
चीनी और नींबू
चीनी और नींबू का मिश्रण घर पर तैयार किया जाने वाला एक बेहतरीन है। जब चीनी को हल्का गर्म करके उसमें नींबू का रस मिलाया जाता है तो यह एक चिपचिपा मिश्रण बन जाता है। यह बालों को जड़ से हटाने में सक्षम है। नींबू में मौजूद विटामिन-सी और अम्लीय गुण त्वचा की रंगत निखारने में भी मदद करते हैं।
ओट्स और केला
जिन लोगों की त्वचा संवेदनशील है उनके लिए ओट्स और केले का स्क्रब सबसे सुरक्षित उपाय है। ओट्स एक कोमल एक्सफोलिएटर का काम करता है जो त्वचा को नुकसान पहुंचाए बिना मृत कोशिकाओं को हटाता है। केला त्वचा को आवश्यक नमी और पोषण प्रदान करता है जिससे हटाने के बाद त्वचा रूखी नहीं होती।
आटा, दूध और गुलाब जल
दूध में लैक्टिक एसिड होता है जो स्किन टोन को हल्का करता है और त्वचा को मुलायम बनाता है। गेहूं का आटा जब दूध और गुलाब जल के साथ मिलाया जाता है तो यह एक गाढ़ा पेस्ट बनता है। इसे चेहरे पर रगड़कर हटाने से बालों के रोम कमजोर हो जाते हैं। यह नुस्खा त्वचा में कसावट लाने के लिए भी जाना जाता है।
पपीता और हल्दी
पपीते में पैपेन नामक एंजाइम होता है जो बालों के रोम को तोड़ने की क्षमता रखता है। हल्दी के साथ मिलकर यह मिश्रण त्वचा की गहराई तक जाकर काम करता है। इसके नियमित उपयोग से न केवल अनचाहे बाल कम होते हैं बल्कि चेहरे पर एक प्राकृतिक चमक भी आती है।





