Laughter Chefs News: बॉलीवुड के ‘चीची’ यानी गोविंदा और उनके भांजे कृष्णा अभिषेक के बीच की अनबन जगजाहिर है. पिछले करीब 10 सालों से इस परिवार के बीच जो ‘कोल्ड वॉर’ चल रही थी, उसने कई बार सुर्खियां बटोरीं. कभी तीखी बयानबाजी तो कभी पारिवारिक कार्यक्रमों से दूरी, फैंस को लगने लगा था कि अब ये रिश्ता कभी नहीं सुधरेगा. लेकिन कहते हैं ना कि “सुबह का भूला अगर शाम को घर आ जाए, तो उसे भूला नहीं कहते.”

कलर्स टीवी के पॉपुलर रियलिटी शो ‘ के सेट से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने न सिर्फ फैंस का दिल जीत लिया है, बल्कि मामा-भांजे के बीच सुलह की नई उम्मीद जगा दी है.
मामी सुनीता ने कृष्णा को लगाया गले
शो के लेटेस्ट एपिसोड में गोविंदा की पत्नी बतौर गेस्ट शामिल हुईं. लंबे समय से ये देखा गया था कि गोविंदा तो फिर भी कभी-कभार भांजे कृष्णा या भांजी आरती सिंह से मिल लेते थे, लेकिन मामी सुनीता ने एक सख्त दूरी बनाए रखी थी. यहां तक कि कुछ साल पहले हुई आरती सिंह की शादी में भी गोविंदा और उनके बेटे हर्षवर्धन तो शामिल हुए, लेकिन सुनीता नजर नहीं आईं, जिससे ये तो साफ था कि उनके बीच की कड़वाहट पूरी तरह से कम नहीं हुई है.
‘धुरंधर’ लौटी वापस
हालांकि, ‘लाफ्टर शेफ’ के मंच पर नजारा बिल्कुल अलग था. जैसे ही सुनीता शो में पहुंचीं, उन्होंने पुरानी बातों को भुलाकर कृष्णा अभिषेक और कश्मीरा शाह को गले लगा लिया. कृष्णा और उनकी बहन आरती के लिए यह एक बेहद भावुक पल था. सेट पर मौजूद लोगों की मानें तो दोनों के बीच खूब हंसी-मजाक हुआ और सुनीता ने अपने चिर-परिचित अंदाज में महफिल लूट ली. पैपराजी के सामने फोटो के लिए पोज देते हुए कश्मीरा ने सुनीता का हाथ हाथ में लिया और ये तक कह दिया कि हमारी ‘धुरंधर’ वापस लौटी हैं.
दुश्मनी की वजह क्या थी?
इस विवाद की जड़ साल 2016 से जुड़ी है. खबरों की मानें तो कृष्णा की पत्नी कश्मीरा शाह के एक ट्वीट ने आग में घी डालने का काम किया था, जिसमें उन्होंने “पैसे के लिए नाचने वाले लोगों” का जिक्र किया था. सुनीता ने इसे गोविंदा पर निजी हमला माना और तब से बातचीत पूरी तरह बंद हो गई. कहा जाता है कि रिश्तों में खटास इतनी बढ़ गई थी कि सुनीता ने सार्वजनिक रूप से कह दिया था कि वो मरते दम तक कृष्णा का चेहरा नहीं देखना चाहतीं.
फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी
सुनीता के साथ कृष्णा और कश्मीरा को देखकर जब कुछ फोटोग्राफर ने उनसे पूछा कि गोविंदा कहा हैं? तो कश्मीरा ने उन्हें डांट लगाते हुए कहा कि चुप करो, तो कृष्णा ने बताया कि जब उनकी डेट मिलेंगी, तब वो भी आएंगे. दरअसल सुनीता का लाफ्टर शेफ पर आना कृष्णा और कश्मीरा के लिए भी एक सरप्राइज था.





