अभिनेता बॉबी देओल ने पिता के निधन के बाद परिवार उस दुख से कैसे लड़ रहा है, इस बारे में बात की है. उन्होंने कहा कि कई दिन ऐसे गुज़रे जब लगा कि काश उनके साथ और वक्त बिताया होता. इस दौरान उन्होंने अपनी सौतेली बहनों ईशा देओल और अहाना देओल के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा कि दुख की घड़ी में परिवार और करीब आ जाता है. दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का पिछले साल 24 नवंबर को निधन हो गया था, जिससे पूरा देओल परिवार टूट गया था.

बॉबी देओल ने हाल ही में एस्क्वायर इंडिया से बात की. इस दौरान उन्होंने पिता धर्मेंद्र के जाने के बाद उनपर कैसा असर पड़ा, इस बारे में भी बताया. उन्होंने कहा, “कई ऐसे दिन आए, जब मुझे लगा कि काश मैं उनके साथ और ज्यादा वक्त गुज़ार पाता. काश मैं उनसे और सवाल कर पाता. अब पहले से कहीं ज़्यादा, मैं अपने बेटों, अपनी पत्नी और अपने परिवार के साथ रहने को लेकर सचेत रहता हूं.”
दौलत-शोहरत पर कही ये बात
ने कहा, “बॉक्स ऑफिस, रिव्यूज, रोल्स, आखिर में ये सब कुछ भी मायने नहीं रखता है. कामयाबी तो ये है कि आप जिनसे प्यार करते हैं, उनके साथ कितना वक्त गुज़ार पाते हैं. शोहरत और दौलत का मतलब ही क्या है अगर उसे देखने के लिए आपके साथ कोई है ही नहीं? पता है, मैं उनके रील्स इंस्टाग्राम पर देखता रहता हूं. वो कितने बेबाक थे, कितने स्नेह से भरे हुए थे. कभी कभी तो लगता है कि वो सीधे मुझसे ही बात कर रहे हैं.”
बहनों को लेकर कही ये बात
इस दौरान बॉबी देओल ने ये भी बताया कि दुख की घड़ी में वो अपनी सौतेली बहनों ईशा देओल और अहाना देओल के और भी करीब आ गए. वो कहते हैं, “मुझे लगता है कि हम सभी इससे अपने-अपने तरीके से निपट रहे हैं. कभी कभी आप एक दूसरे को गलत समझ बैठते हैं क्योंकि आपको दुख पहुंचा होता है. हर किसी को लगता है कि उसका दर्द दूसरे से ज्यादा है. पर आप इसे वक्त देते हैं, भरने देते हैं. नुकसान का अपना एक तरीका होता है, परिवार को एक-दूसरे के करीब लाने का.”
धर्मेंद्र और हेमा की बेटियां हैं ईशा और अहाना
अभिनेता धर्मेंद्र ने दो शादियां की थीं. पहली शादी उन्होंने प्रकाश कौर से की थी और इस शादी से उन्हें चार बच्चे हुए थे- सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता देओल और अजीता देओल. फिर 1980 में उन्होंने हेमा मालिनी से शादी कर ली. इस शादी से उन्हें ईशा देओल और अहाना देओल, दो बेटियां हुईं.





