प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं. भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने शुक्रवार को मशहूर मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड का दौरा किया और युवा क्रिकेटरों के साथ बातचीत की. दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से भारतऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलेबरेशन रोडमैप का शुभारंभ किया. प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला. खिलाड़ियों ने उनसे ऑटोग्राफ लिया और ग्रुप फोटो भी खिंचवाई. इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया की मेंस क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड स्टेडियम में ऐलान किया कि भारत में बिग बैश लीग के ओपनिंग मैच का आयोजन होगा. भारत पहली बार बिग बैश लीग के एक मैच की मेजबानी करेगा. बिग बैश लीग के ओपनिंग मैच का आयोजन 12 दिसंबर 2026 को चेन्नई में किया जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने यूरेनियम, ग्रीन हाइड्रोजन, रिन्यूएबल एनर्जी, क्रिटिकल मिनरल्स, व्यापार, निवेश, टेक्नोलॉजी, खेल, शिक्षा और रक्षा के क्षेत्रों में गहरे सहयोग की घोषणा की, जिससे इंडोपैसिफिक क्षेत्र में इस रिश्ते का महत्व और मजबूत हुआ.
‘दोस्ती की गरमाहट और भविष्य के चैंपियंस का जोश’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में कदम रखते ही किसी भी भारतीय के मन में एक साथ दो भावनाएं जागती हैं. पहली, भारतऑस्ट्रेलिया मैच का रोमांच और दूसरी, यह कि हमारे दोनों देशों में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि एक जुनून है. फिर भी, आज आखिरी ओवर के रोमांच का कोई दबाव नहीं है. इसके बजाय, यहां सिर्फ खेल की खुशी, हमारी दोस्ती की गरमाहट और भविष्य के चैंपियंस का जोश है.’
खेल का जुनून भारत और ऑस्ट्रेलिया को करीब ला रहा
यह दौरा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तेजी से बढ़ते संबंधों को दर्शाता है, जिसमें दोनों देश क्लीन एनर्जी सहयोग, सप्लाई चेन की मजबूती, समुद्री सुरक्षा और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के दौरे के दौरान बच्चों से बातचीत की और ऑटोग्राफ दिए. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘मुझे आज प्रधानमंत्री अल्बनीज के साथ मिलकर भारत और ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप लॉन्च करते हुए बहुत खुशी हो रही है. इस पहल के जरिए, हम न सिर्फ क्रिकेट बल्कि दूसरे खेलों में भी सहयोग को मजबूत करेंगे. हम स्पोर्ट्स ट्रेनिंग, स्पोर्ट्स साइंस और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में साथ मिलकर आगे बढ़ेंगे और मैदान के अंदर और बाहर अपनी साझेदारी को मजबूत करेंगे.’
युवा क्रिकेटरों की जर्सी पर ऑटोग्राफ दिए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड के दौरे के दौरान युवा क्रिकेटरों की जर्सी पर ऑटोग्राफ दिए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, ‘जब भी मुझे अपने दोस्त प्रधानमंत्री अल्बनीज से मिलने का मौका मिला है, क्रिकेट हमारे बीच एक स्वाभाविक जुड़ाव का जरिया रहा है. हमने अहमदाबाद में साथ मिलकर स्टेडियम का दौरा किया था, और आज यहां आकर मैं सचमुच खेल की भावना को महसूस कर सकता हूं. खासकर जब हमारे बीच स्टीव वॉ और लिसा स्थालेकर जैसे दिग्गज मौजूद हैं.’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘भारत 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करने जा रहा है. हम 2036 में भारत में ओलंपिक की मेजबानी करने की भी कोशिश कर रहे हैं. ब्रिस्बेन 2032 में ओलंपिक की मेजबानी करेगा. इन ग्लोबल इवेंट्स की मेजबानी के लिए बड़े पैमाने पर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा. मुझे खुशी है कि भारत के चेन्नई में बिग बैश लीग का एक मैच खेला जाएगा. किसी भी स्पोर्ट्स लीग के लिए, भारत में इवेंट आयोजित करने का मतलब है कि उसे बहुत ज्यादा लोग देखेंगे और उसकी पहुंच बहुत व्यापक होगी.’
भारत और ऑस्ट्रेलिया में खेलों का भविष्य उज्ज्वल
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें कबड्डी, ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल और क्रिकेट से जुड़े बच्चों के साथ बातचीत करने का अवसर मिला. उन्होंने कहा, ‘उनके जोश को देखकर लगा कि यहां बच्चों का कोई प्रदर्शनी मैच नहीं, बल्कि भविष्य के चैंपियनों का चयन चल रहा है. उनके आत्मविश्वास और ऊर्जा से स्पष्ट है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया में खेलों का भविष्य बेहद उज्ज्वल है.’ ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बड़े वैश्विक खेल आयोजनों के लिए व्यापक स्तर पर खेल स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा. आने वाले वर्षों में हमें एकदूसरे से सीखने और काम करने के अनेक नए अवसर प्राप्त होंगे.