Dehradun News: देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में ट्रिपल मर्डर की घटना से हड़कंप मच गया. यहां एक बुजुर्ग दंपति और उनकी नौकरानी की हत्या कर दी गई. मृतकों की पहचान के.एस. कपूर , उनकी पत्नी रजनी कपूर और नौकरानी तिलिया देवी के रूप में हुई है. तिलिया देवी मूल रूप से बिहार के दरभंगा की रहने वाली थीं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

घर में मिले 3 शव
जानकारी के मुताबिक, वारदात मंगलवार को दोपहर करीब 3 बजे से पहले की बताई जा रही. विष्णु लोक कॉलोनी स्थित घर में तीन लोगों की हत्या की सूचना पुलिस को मिली थी. इसके बाद रायपुर थाना पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के साथ ही आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी.
एक संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है. पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिया गया व्यक्ति पहले से ही कपूर परिवार के घर आताजाता था और परिवार के लोगों का जानकार बताया जा रहा. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे क्या वजह थी और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया.
चोरी के एंगल से पुलिस ने किया इनकार
SSP प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि रायपुर थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपति की हत्या की सूचना मिली थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. SSP के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह मामला चोरी का नहीं लग रहा है. हालांकि हत्या की असली वजह क्या है, यह संदिग्ध से पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा.
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. संदिग्ध से पूछताछ के अलावा पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के समय घर में कौनकौन मौजूद था और मृतकों से किन लोगों का संपर्क था. SSP ने कहा है कि हत्या के कारणों का जल्द खुलासा किया जाएगा.