शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ब्रेकिंग
बुलंदशहर: छोटा शकील का गुर्गा नसीम दुर्रानी एनकाउंटर में ढेर, 20 गोलियां मारकर दिल्ली में की थी युवक की हत्या​ | Explained: सोने और चांदी के बाद ‘रेड गोल्ड’ हुआ धराशाई! क्या सस्ते होंगे AC और फ्रिज​ | UP चुनाव 2027: दिसंबर में लखनऊ आएगा चुनाव आयोग का पूरा कुनबा, मंडलवार समीक्षा के बाद होगी अंतिम बैठक​
दिल्ली 32°C ☀️ |
728 x 90 Advertisement
विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
Viral

Cyclone Akvan: आज आंध्र-ओडिशा तट से टकरा सकता है तूफान, 110 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 10 राज्यों में अलर्ट, रेलवे ने बदला ट्रेनों का समय​

: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ गुरुवार दोपहर तक आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इस दौरान 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने की आशंका है। तूफान के खतरे को देखते हुए ओडिशा के छह जिलों में 19 […]

: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ गुरुवार दोपहर तक आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इस दौरान 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने की आशंका है। तूफान के खतरे को देखते हुए ओडिशा के छह जिलों में 19 से 21 नवंबर तक सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। वहीं, करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मौसम विभाग ने 10 राज्यों में तूफान के असर की आशंका जताई है।

चक्रवात के चलते ओडिशा के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं, भारतीय नौसेना, NDRF और SDRF समेत दूसरी राहत एजेंसियां बचाव कार्यों की तैयारी में जुटी हैं। रेलवे ने भी एहतियात के तौर पर गुरुवार को तीन ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान का असर तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश तक देखने को मिल सकता है।

10 राज्यों में तूफान का असर, जानिए कहां कैसी रहेगी स्थिति

1. आंध्र प्रदेश: सबसे ज्यादा असर की आशंका

चक्रवाती तूफान अकवान का सबसे ज्यादा प्रभाव आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 19 और 20 नवंबर को कई इलाकों में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी दी है। तटीय क्षेत्रों में 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। तूफान को देखते हुए तटीय जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। राहत और बचाव कार्यों के लिए NDRF की 13 और SDRF की 11 टीमें तैनात की गई हैं। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने और किसानों को अपनी फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

2. ओडिशा: 6 जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी बंद

चक्रवात के कारण ओडिशा में 18 से 21 नवंबर के बीच भारी बारिश होने का अनुमान है। गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी समेत कई जिलों में इसका ज्यादा असर पड़ सकता है। निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा जताया गया है। राज्य सरकार ने आठ जिलों में 2.04 लाख से ज्यादा ऐसे लोगों की पहचान की है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। प्रशासन ने राहत केंद्र तैयार किए हैं। हरभंगी और बदनाला बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है। समुद्र में 14 मीटर से ऊंची लहरें उठने की आशंका भी जताई गई है।

3. तमिलनाडु: चेन्नई समेत तटीय इलाकों में अलर्ट

तमिलनाडु के उत्तरी हिस्सों में 18 और 19 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। चेन्नई समेत तटीय इलाकों में जलभराव की आशंका है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया गया है।

4. पुडुचेरी: तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान

पुडुचेरी और कराईकल में 18 से 20 नवंबर के बीच भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जिससे तटीय इलाकों में परेशानी बढ़ सकती है। प्रशासन को मौसम और समुद्र की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

5. तेलंगाना: 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी

तेलंगाना में 20 और 21 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। राज्य के पूर्वी हिस्सों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। लगातार बारिश से निचले इलाकों में पानी भरने और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है। प्रशासन को संवेदनशील इलाकों में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

6. पश्चिम बंगाल: दक्षिणी जिलों में बरसेंगे बादल

पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में 19 और 20 नवंबर को बारिश होने की संभावना है। दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर और झारग्राम के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है।

7. झारखंड: कुछ इलाकों में भारी बारिश के आसार

झारखंड में 20 और 21 नवंबर को कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। स्थानीय प्रशासन को मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें:  

8. छत्तीसगढ़: 2021 नवंबर को बारिश की संभावना

चक्रवाती तूफान सीधे छत्तीसगढ़ के तट से नहीं टकराएगा, लेकिन इसका असर राज्य के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है। 20 और 21 नवंबर को दक्षिणी और उत्तरी जिलों में बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश का भी अनुमान जताया गया है।

9. बिहार: पांच जिलों में बारिश का अलर्ट

बिहार में भी चक्रवात का असर देखने को मिल सकता है। गया और नवादा समेत पांच जिलों में 20 और 21 नवंबर को बारिश होने की संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

10. मध्य प्रदेश: पूर्वी हिस्सों में बिगड़ सकता है मौसम

चक्रवाती तूफान अकवान का असर मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भी पड़ने की आशंका है। अगले दो दिनों में यहां बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें:

ईरान ने पौराणिक राक्षस के नाम पर रखा तूफान का नाम अकवान

बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में उठने वाले चक्रवातों के नाम रखने की प्रक्रिया साल 2000 में शुरू हुई थी। इसके लिए भारत समेत कई देशों ने मिलकर नामों की एक सूची तैयार की थी। बाद में साल 2018 में ईरान, कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और यमन भी इस समूह में शामिल हुए। चक्रवातों के नाम सदस्य देशों की ओर से दी गई सूची के आधार पर तय किए जाते हैं। नाम रखते समय इस बात का ध्यान रखा जाता है कि वे किसी धर्म, राजनीति, संस्कृति या व्यक्ति की भावनाओं से जुड़े विवाद का कारण न बनें। इस बार चक्रवात को ‘अकवान’ नाम ईरान ने दिया है। अकवान ईरानी पौराणिक कथाओं में एक ताकतवर राक्षस का नाम है। इसका उल्लेख फारस के प्रसिद्ध महाकाव्य ‘शाहनामा’ में मिलता है। कहानी के अनुसार, अकवान एक शक्तिशाली दानव था, जिसका मुकाबला महान योद्धा रुस्तम से हुआ था। 

ये भी पढ़ें:  

विज्ञापन
728 x 90 Advertisement
शेयर करें:
Author Bio Pic

संपादकीय टीम

खबर मंकी की अनुभवी एडिटोरियल डेस्क। हमारे लेखक और संपादक दिन-रात निष्पक्ष, सटीक और तीव्र समाचार आप तक पहुँचाने के लिए काम करते हैं।

🐒 KHABAR MONKEY