Kartik Purnima Mela: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेले की तैयारियों की समीक्षा की। इस बैठक में मेरठ, बरेली, अमरोहा, हापुड़ और मुरादाबाद समेत कई जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इस मेले को ‘वेस्टर्न यूपी का मिनी कुंभ’ बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सफाई और आनेजाने की सुविधा में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

17 से 26 नवंबर तक लगेगा मेला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेले में 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है। 24 नवंबर को मुख्य स्नान होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले की शुरुआत से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। श्रद्धालुओं के लिए साफ पानी, बिजली, शौचालय और दूसरी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाए।
सुरक्षा के लिए तैनात होंगी टीमें
सीएम योगी ने कहा कि मेले में पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। NDRF और SDRF की टीमें भी तैनात रहेंगी। गंगा में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रेस्क्यू बोट की व्यवस्था की जाए। मेले में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। इसके अलावा वॉच टावर, फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम और पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी लगाए जाएंगे। ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए पार्किंग और रास्तों में बदलाव की योजना पहले से तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाने को कहा गया है।
गंगा घाटों पर सफाई और प्लास्टिक पर रोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगा घाटों पर साफसफाई के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती करने को कहा। स्नान के लिए सभी घाटों पर पानी की व्यवस्था होनी चाहिए। जरूरत के अनुसार नदी के बहाव को भी व्यवस्थित किया जाए। मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक रहेगी। जगहजगह कचरा इकट्ठा करने की व्यवस्था भी की जाएगी।
अस्थायी अस्पताल और एंबुलेंस की व्यवस्था
मेले में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अस्थायी अस्पताल बनाए जाएंगे। इनमें डॉक्टर, दूसरे स्वास्थ्यकर्मी और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। एंबुलेंस भी तैनात रहेंगी, ताकि जरूरत पड़ने पर घायलों और बीमार लोगों को तुरंत इलाज मिल सके।
नशे की बिक्री और गलत गतिविधियों पर रोक
सीएम योगी ने निर्देश दिए कि मेले के इलाके में शराब और नशे से जुड़ी चीजों की बिक्री नहीं होनी चाहिए। आस्था के खिलाफ किसी भी तरह की गतिविधि पर रोक लगाई जाए। मेले में नशे के खिलाफ अभियान भी चलाया जाएगा। सोशल मीडिया पर अफवाह और गलत जानकारी फैलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
रामलीला और रासलीला से सजेगा मेला
मुख्यमंत्री ने मेले में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने को कहा। यहां श्रीमद्भागवत कथा, रासलीला, रामलीला और भगवान शिव से जुड़े कार्यक्रम होंगे। लेजर शो और ड्रोन शो भी आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय कलाकारों को अपनी कला दिखाने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही बच्चों के लिए भाषण, निबंध, स्लोगन और वादविवाद प्रतियोगिताएं भी होंगी। मेले में धार्मिक और देशभक्ति से जुड़े गीत बजाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने और मेले के दौरान लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।