लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम में जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंच पर उपस्थित अन्य लोगों का समवेत स्वर गूंजा, हम भारत के लोग, तो ये महज चार शब्द नहीं थे. इन चार शब्दों में संविधान की पूरी आत्मा समाहित थी. यह इस बात का स्मरण था कि संविधान किसी दल, सरकार अथवा सत्ता प्रतिष्ठान की देन नहीं, बल्कि भारत के लोगों द्वारा स्वयं को दिया गया वह संकल्प है, जिसके केंद्र में लोकतंत्र, समानता, न्याय और बंधुत्व के मूल्य हैं.

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार द्वारा संविधान गौरव दिवस मनाने के पीछे की भावना इसी संवैधानिक चेतना को जनजीवन में प्रतिष्ठित करने का प्रयास है. सबको शिक्षा, कानून का राज, बिना भेदभाव सरकारी योजनाओं का लाभ, वंचितों तक न्याय की पहुंच और नागरिकों को उनके अधिकारों के साथसाथ कर्तव्यों का बोध कराना इसी संवैधानिक भावना के व्यावहारिक रूप हैं.
बच्चों और शिक्षकों ने प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया
लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के साथ उत्तर प्रदेश में एक और बड़ी तस्वीर सामने आई. प्रदेश के 1.33 लाख परिषदीय विद्यालयों के 1.42 करोड़ विद्यार्थियों ने संविधान दिवस के कार्यक्रमों में भाग लिया. बच्चों और शिक्षकों ने प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से संविधान निर्माण की गौरवशाली यात्रा, संविधान सभा के सदस्यों और उनके योगदान को जाना.
करीब डेढ़ करोड़ बच्चों का एक साथ हम भारत के लोग कहना इस बात का प्रमाण है कि संविधान नई पीढ़ी की चेतना का हिस्सा बन रहा है. जिस देश के बच्चे संविधान निर्माताओं को नाम से जानने लगें, उस देश के लोकतंत्र की जड़ें गहरी होती हैं.
संविधान की प्रस्तावना का पाठ इसलिए भी सार्थक है, क्योंकि वह जीवन में न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व को उतारने की बात करती है और इन चारों की नींव शिक्षा है. बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने शिक्षित बनो का नारा सबसे पहले इसलिए दिया था, क्योंकि शिक्षा वह चाबी है, जो सामाजिक गुलामी के हर ताले को खोलती है. योगी सरकार ने इसी दर्शन को उत्तर प्रदेश में व्यवहार में उतारा है.
202526 में 24,605 हो गए उच्च प्राथमिक विद्यालय
उत्तर प्रदेश के लगभग डेढ़ करोड़ बच्चे परिषदीय विद्यालयों पर निर्भर हैं. पहले की व्यवस्था में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय बिखरे हुए थे. कहीं शिक्षक नहीं थे, तो कहीं भवन नहीं. योगी सरकार ने इस बिखराव का समाधान कंपोजिट विद्यालयों के रूप में खोजा. 201718 में प्रदेश में 225 कंपोजिट विद्यालय थे, जो 202526 में बढ़कर 24,605 हो गए. इनमें बालवाटिका से कक्षा आठ तक की निःशुल्क पढ़ाई एक ही परिसर में होती है. अब बच्चे को आगे की कक्षा में पढ़ने के लिए किसी दूसरे दूरस्थ विद्यालय तक नहीं जाना पड़ता और बीच में पढ़ाई छूटने का जोखिम भी कम होता है. मजदूर और किसान के बच्चे के लिए यह अनुच्छेद 21क का सीधा क्रियान्वयन है.
परंतु संविधान की आत्मा भवनों में नहीं, बल्कि शिक्षक में बसती है. जो राज्य अपने शिक्षक को सम्मान नहीं देता, वह बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं दे सकता. शिक्षामित्रों का प्रश्न प्रदेश में वर्षों से एक खुला घाव रहा है. फरवरी 2026 में मुख्यमंत्री ने विधानसभा में घोषणा की कि अप्रैल से शिक्षामित्रों को 18,000 रुपये और अनुदेशकों को 17,000 रुपये मानदेय मिलेगा, जबकि पहले शिक्षामित्रों को 3,000 रुपये मिलते थे.
सुधीर जे. कुमार, एडिटर, वाइल्ड लाइफ टुडे
शिक्षकों के लिए 5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा
यह केवल मानदेय में वृद्धि नहीं, बल्कि उन परिवारों की गरिमा की बहाली है, जिनकी आजीविका इन्हीं विद्यालयों से चलती है. शिक्षकों के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, नियमित प्रशिक्षण और मानव संपदा पोर्टल जैसी व्यवस्थाएं बताती हैं कि यहां शिक्षक को केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माण का सहयोगी माना गया है. ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार जैसी पहलों ने परिषदीय विद्यालयों की सूरत बदली है.
इस वैचारिक पृष्ठभूमि में हमें एक कड़वी सच्चाई को निर्भीकता से स्वीकार करना होगा. स्वतंत्रता के बाद के कई दशकों तक, विशेषकर कांग्रेस और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी जैसी राजनीतिक ताकतों ने संविधान की बात तो बहुत मुखरता से की, उसकी प्रतियां हाथ में लेकर नारे भी लगाए, लेकिन संविधान को कभी अधिकारों और कर्तव्यों की समग्र भावना से नहीं जोड़ा. उनके लिए संविधान महज एक चुनावी नारा और वोटबैंक साधने का विमर्श था.
उन्होंने दशकों तक आम जनमानस और युवाओं को यह तो बताया कि उन्हें व्यवस्था से कौनकौन से अधिकार चाहिए, लेकिन यह कभी नहीं बताया कि उन अधिकारों के साथ एक नागरिक के रूप में उनके क्या कर्तव्य हैं. उन्होंने अभिभावकों को यह तो बताया कि सरकार उन्हें क्या देगी, लेकिन समाज और राष्ट्र को क्या देना है, इस पर सोचीसमझी चुप्पी साध ली गई. इस एकांगी राजनीति का सबसे विनाशकारी प्रभाव हमारी शिक्षा व्यवस्था और समाज के सबसे वंचित तबके पर पड़ा. स्कूलों की दीवारें गिरती रहीं, बच्चे स्कूल छोड़ते रहे और संविधान की प्रस्तावना दीवार पर टंगी एक धुंधली तस्वीर बनकर रह गई.
मौलिक कर्तव्य भी शिक्षा का अभिन्न अंग बना
योगी सरकार की सबसे बड़ी वैचारिक विजय यह है कि उसने केवल अधिकारों की बात नहीं की, बल्कि संविधान के अनुच्छेद 51ए में वर्णित मौलिक कर्तव्यों को भी शिक्षा का अभिन्न अंग बना दिया है. आज स्कूलों में बच्चों को केवल यह नहीं सिखाया जाता कि उन्हें क्या मिलेगा, बल्कि यह भी बताया जाता है कि उन्हें राष्ट्र को क्या देना है. देश के प्रति निष्ठा, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा और राष्ट्र की अखंडता अब महज किताबी बातें नहीं रह गई हैं, बल्कि उनके आचरण का हिस्सा बन रही हैं.
संविधान दिवस पर लोकभवन में डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना का शुभारंभ भी इसी दिशा में एक कदम है. इसके तहत जिलों में आंबेडकर प्रतिमा स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा. यह केवल एक महापुरुष का सम्मान नहीं, बल्कि संविधान निर्माता के बहाने पूरे संविधान का सम्मान है. पिछली सरकारों ने अधिकारों की आड़ में अराजकता बोई और कर्तव्य को भुला दिया. योगी सरकार ने अधिकार भी दिए और कर्तव्यबोध भी सिखाया. संविधान दिवस पर उत्तर प्रदेश के बच्चों द्वारा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन एक तरह से उन्हें उनके कर्तव्यबोध से अवगत कराने का प्रयास है.