Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत में दिवाली की रात राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात सैनिक सौरभ को गोली मारने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. टीवी चैनलों पर खबर प्रसारित होने के बाद बागपत पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण पर 1010 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है. दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. गोली लगने से घायल सैनिक की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है.

बता दें कि रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव में 8 नवंबर की रात विवाद के दौरान फायरिंग हुई थी. इस घटना में राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात सैनिक सौरभ और उसका भाई विपिन घायल हो गए थे. आरोप है कि गांव के ही धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की थी. इसी दौरान धीरज ने तमंचे से गोली चला दी.
दीवार से टकराकर सैनिक के सिर में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की ओर से चलाई गई गोली पहले दीवार से टकराई और फिर उसका हिस्सा सैनिक सौरभ के सिर में जा लगा. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं मारपीट में उसका भाई विपिन भी घायल हुआ था. घटना के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया. सौरभ की गंभीर हालत को देखते हुए पहले उसे मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज और फिर मिमेन्स हॉस्पिटल रेफर किया गया. डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके सिर से गोली निकाल दी है. फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है.
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की थी. मामला टीवी चैनलों पर प्रमुखता से प्रसारित होने के बाद पुलिस ने भी कार्रवाई तेज कर दी. SP पूर्णेन्दु सिंह ने 11 नवंबर को दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी पर 1010 हजार रुपए का इनाम घोषित किया. पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन विशेष टीमें बनाई हैं. ये टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है.
ASP ने दी कार्रवाई की जानकारी
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीन सिंह चौहान ने बताया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार काम दबिश दे रही हैं. दोनों आरोपियों पर इनाम घोषित कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल इस मामले में दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है.