Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित गौर सिद्धार्थम सोसाइटी में मंगलवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब 16 वर्षीय किशोरी के 15वीं मंजिल से गिरने की सूचना सामने आई. हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में किशोरी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

विजयनगर थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे की है. करीब 7 बजे डायल112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि गौर सिद्धार्थम सोसाइटी के आई टावर की 15वीं मंजिल से एक लड़की गिर गई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोरी को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया. हालांकि उपचार से पहले ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है. इसमें किशोरी ने अकादमी के दबाव को लेकर परेशानी का जिक्र किया है. पुलिस फिलहाल सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लिखी बातों की भी जांच कर रही है.
16 साल की किशोरी की मौत
पुलिस ने जांच के दौरान किशोरी की पहचान सोसाइटी के आई टावर में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी के रूप में की है. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच की और परिजनों से जानकारी जुटाई. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले किशोरी की गतिविधियां क्या थीं और किन परिस्थितियों में वह 15वीं मंजिल तक पहुंची.
जांच में जुटी पुलिस
थाना पुलिस का कहना है कि मामले में परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है. मौत की वास्तविक परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है. शुरुआती जांच में सुसाइड नोट के आधार पर अकादमी के दबाव की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.