भारत में BMW और Mini की कारें खरीदना जल्द महंगा हो सकता है. BMW Group India अपने पूरे पोर्टफोलियो की कारों की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी करने की तैयारी कर रहा है. खास बात यह है कि 2026 में कंपनी की ओर से यह चौथी कीमत बढ़ोतरी होगी. कंपनी के मुताबिक, रुपये में कमजोरी और कच्चे माल की बढ़ती कीमतों का असर उसके कारोबार और मार्जिन पर पड़ रहा है.

BMW Group India के प्रेसिडेंट और CEO हारदीप सिंह ब्रार ने नई BMW 7 Series और BMW i7 के लॉन्च के दौरान कीमत बढ़ाने की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि कंपनी ने इस साल अब तक तीन बार कीमतों में बढ़ोतरी की है और एक और बढ़ोतरी जल्द की जा सकती है. यह बढ़ोतरी अगले महीने यानी अक्टूबर 2026 में होने की संभावना है.
कितनी महंगी हुई कारें?
ब्रार ने बताया कि विदेशी मुद्रा यानी फॉरेक्स में बदलाव का कंपनी पर काफी असर पड़ा है. 2026 में अब तक BMW और Mini के अलगअलग मॉडल्स की कीमतों में कुल मिलाकर करीब 45% तक बढ़ोतरी हो चुकी है. अब एक और कीमत बढ़ने के बाद ग्राहकों पर कार खरीदने का खर्च और बढ़ सकता है. कंपनी के अधिकारी के मुताबिक, पिछले साल जनवरी से अब तक रुपये और विदेशी मुद्रा से जुड़ी स्थिति में करीब 18% का बदलाव आया है. इसके अलावा कमोडिटी यानी कच्चे माल की कीमतों में भी दबाव बना हुआ है. इन दोनों वजहों से कंपनी की लागत बढ़ रही है और इसका असर कारों की कीमतों पर पड़ रहा है.
Mini की कारें भी होंगे महंगी?
BMW Group India भारत में लग्जरी कारों के साथ मोटरसाइकिल भी बेचता है. कंपनी की ब्रिटिश लग्जरी कार ब्रांड Mini भी इस कीमत बढ़ोतरी से प्रभावित होगी. हालांकि, कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि किस मॉडल की कीमत कितनी बढ़ाई जाएगी. इस बीच BMW ने भारत में अपनी फ्लैगशिप सेडान 7 Series और इलेक्ट्रिक सेडान i7 के नए मॉडल लॉन्च किए हैं. दोनों कारों को भारत में CKD रूट के जरिए लाया जाएगा और यहां असेंबल किया जाएगा. दोनों कारों की बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि इनकी डिलीवरी अक्टूबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है.