Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तजुआ गांव में शादी के महज पांच महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतका का शव घर के टीनशेड में फंदे पर लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही रोतेबिलखते पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर कम दहेज के लिए बेटी को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने और उसकी हत्या कर शव लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है.

बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव अहमदाबाद निवासी किसान राम सिंह ने अपनी बेटी संगीता की शादी 22 अप्रैल 2026 को भोजीपुरा के तजुआ निवासी धारा सिंह के साथ की थी.
मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से ससुराल वाले संगीता को कम दहेज लाने के ताने देने लगे थे और उसके साथ मारपीट की जाती थी. संगीता ने कई बार फोन पर मायके वालों को इस बात की जानकारी दी थी. इसके बाद पिता राम सिंह ने खुद बेटी के घर जाकर ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास भी किया था, लेकिन प्रताड़ना का दौर थमा नहीं.
टीनशेड में फंदे पर लटका मिला शव
संगीता की मौत की सूचना पाकर जब मायके वाले आननफानन में तजुआ गांव पहुंचे, तो बेटी का शव घर की टीनशेड में कुंडे से लटका हुआ था. यह नजारा देखकर परिजनों में चीखपुकार मच गई. मायके पक्ष की सूचना पर डायल 112 और धौंराटांडा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.
पति और ससुर हिरासत में, 5 लोगों पर FIR दर्ज
मृतका के पिता राम सिंह की लिखित तहरीर पर भोजीपुरा पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है. इसमें मृतका के पति धारा सिंह, ससुर जगदीश सिंह, ननद सुदामा, रजनी और संतोष कुमार शामिल हैं. इनके खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना से जुड़ी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि मृतका के पति धारा सिंह और ससुर जगदीश सिंह को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.