पेट्रोलडीजल की बढ़ती कीमतों के बीच CNG कार लोगों के लिए कम खर्च में सफर करने का अच्छा विकल्प है. लेकिन कुछ छोटी गलतियों की वजह से CNG कार का माइलेज कम हो सकता है. अगर आपकी कार भी पहले के मुकाबले कम माइलेज दे रही है, तो कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर इसे बेहतर किया जा सकता है. टायर प्रेशर से लेकर एयर फिल्टर और स्पार्क प्लग तक, कार की सही देखभाल माइलेज पर सीधा असर डालती है.

टायर में सही हवा रखें
CNG सिलिंडर के वजन की वजह से कार के पिछले हिस्से पर अतिरिक्त वजन रहता है. ऐसे में अगर टायरों में हवा कम है तो सड़क के साथ घर्षण बढ़ जाता है और इंजन को कार चलाने के लिए ज्यादा ताकत लगानी पड़ती है. इससे CNG की खपत बढ़ सकती है और माइलेज कम हो सकता है. इसलिए हर हफ्ते टायरों में हवा का प्रेशर जरूर चेक कराएं और इसे सही स्तर पर रखें. टायर प्रेशर सही रहने से कार को चलाने में इंजन पर अनावश्यक दबाव कम रहता है.
एयर फिल्टर और स्पार्क प्लग का रखें ध्यान
इंजन को सही तरीके से चलने के लिए पर्याप्त हवा की जरूरत होती है. अगर एयर फिल्टर में धूल जमा हो जाए तो इंजन के काम करने पर असर पड़ सकता है. इसलिए हर 5,000 किलोमीटर पर एयर फिल्टर की सफाई या जरूरत के अनुसार बदलाव करना चाहिए. इसके अलावा CNG को जलने के लिए पेट्रोल के मुकाबले ज्यादा स्पार्क की जरूरत होती है. पुराने या गंदे स्पार्क प्लग से कार झटके ले सकती है और गैस की खपत बढ़ सकती है. इसलिए समयसमय पर स्पार्क प्लग और CNG किट की ट्यूनिंग की जांच कराना जरूरी है.
स्मूथ ड्राइविंग से बचाएं CNG
कार चलाने का तरीका भी माइलेज पर सीधा असर डालता है. अचानक तेज एक्सीलेटर दबाने और बारबार जोर से ब्रेक लगाने से CNG की खपत बढ़ सकती है. बेहतर माइलेज के लिए कार को स्थिर रफ्तार में चलाना और सही समय पर गियर बदलना जरूरी है. 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की स्थिर स्पीड में कार चलाने से माइलेज बेहतर रखने में मदद मिल सकती है. इसलिए तेज एक्सीलेरेशन और बारबार हार्ड ब्रेकिंग से बचना चाहिए.
सही समय पर भराएं CNG
CNG भराने के समय का भी गैस की मात्रा पर असर पड़ सकता है. सुबह जल्दी या रात के समय तापमान कम रहता है. ठंडे तापमान में गैस ज्यादा कंप्रेस हो सकती है, जिससे सिलेंडर में सही प्रेशर के साथ ज्यादा गैस आ सकती है. इससे माइलेज बेहतर मिलने में मदद मिल सकती है. इसलिए CNG भराते समय तापमान कम होने वाले समय को ध्यान में रखा जा सकता है. इन छोटी आदतों को अपनाकर बिना किसी बड़े खर्च के CNG कार के माइलेज को बेहतर रखने और रोजाना ईंधन पर होने वाले खर्च को कम करने में मदद मिल सकती है.