Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र के हल्द्वानी गांव में 7 साल की मासूम बच्ची की गला दबाकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है. पुलिस जब आरोपी को घटना स्थल पर लेकर गई थी तभी अचानक आरोपी बलराज पुलिस कस्टडी से भागने लगा. इसी दौरान पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने दरोगा की पिस्टल छीन ली और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की. पुलिस की एक गोली बदमाश को लगी जिससे वह घायल हो गया. पुलिस टीम उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर गई, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.

जानकारी के मुताबिक, मामला ग्रेटर नोएडा के हल्द्वानी गांव का है जहां 28 अगस्त की शाम बच्ची के परिजनों ने पुलिस को बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी. सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए पांच टीमें गठित की थी. जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली गई. ग्रेटर नोएडा के सेंट्रल जोन के एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया आरोपी ने मासूम के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया उसके बाद, हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर ठिकाने लगा दिया.
घटनास्थल से भागने के दौरान लगी गोली
पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही थी. उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपी की तलाश की गई. इसी दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि जब आरोपी को घटना स्थल से चाकू बरामद करने के लिए ले जाया गया तो आरोपी ने भागने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस ने एक दरोगा की पिस्तौल छीन ली और फायरिंग शुरू कर दी.
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया. वहीं इलाज के लिए उसे जब अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक बच्ची के परिजन लगातार आरोपी को फांसी देने की मांग कर रहे थे. जैसे ही मासूम की हत्यारे की मौत की खबर परिजनों को हुई तो उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया.