घर खरीदना हर किसी के लिए बड़ा फैसला होता है. इसमें बहुत सारा पैसा लगता है. इसलिए घर पसंद आने के बाद तुरंत पैसे देना सही नहीं है. हो सकता है घर बाहर से बहुत अच्छा दिखे, लेकिन उसके कागजों में कोई बड़ी परेशानी हो. कहीं घर किसी और के नाम तो नहीं है? कहीं उस पर पहले से लोन तो नहीं है? घर बनाने की सही मंजूरी मिली है या नहीं? इन बातों को पहले जानना बहुत जरूरी है.

सबसे पहले पता करें घर का मालिक कौन है
सबसे पहले यह पता करें कि घर या सच में उसी व्यक्ति की है, जो उसे आपको बेच रहा है. उससे घर के मालिकाना हक के कागज मांगें. पुराने कागज भी देखें, ताकि पता चल सके कि यह घर पहले किन लोगों के नाम था. अगर घर के एक से ज्यादा मालिक हैं, तो सभी जरूरी मालिकों की सहमति लेना जरूरी है.
अगर आप किसी बिल्डर से फ्लैट खरीद रहे हैं, तो प्रोजेक्ट रेरा में दर्ज है या नहीं, यह भी देखना चाहिए. रेरा में प्रोजेक्ट की जमीन और दूसरी जरूरी जानकारी दी जाती है.
घर पर कोई लोन तो नहीं है
घर खरीदने से पहले यह भी जांच लें कि उस घर पर पहले से कोई बैंक लोन तो नहीं चल रहा. कभीकभी घर का मालिक लोन लेकर घर खरीदता है और बाद में उसे बेचने की कोशिश करता है. ऐसी स्थिति में खरीदार के लिए परेशानी हो सकती है. इसलिए सिर्फ मालिक की बात पर भरोसा न करें. कागजों में भी जांच करें कि घर पर कोई कर्ज या दूसरा दावा तो नहीं है. अगर आपको कागज समझ नहीं आ रहे हैं, तो किसी अच्छे वकील की मदद ले सकते हैं.
घर बनाने की मंजूरी जरूर देखें
अगर आप ऐसा घर या फ्लैट खरीद रहे हैं जो अभी बन रहा है, तो यह जांचना बहुत जरूरी है कि उसे बनाने की सही मंजूरी मिली है या नहीं. बिल्डर जो घर और सुविधाएं दिखा रहा है, उन्हें सिर्फ तस्वीर देखकर सही न मानें.यह भी देखें कि बिल्डर के पास घर बनाने का मंजूर नक्शा है या नहीं. रेरा प्रोजेक्ट में बिल्डर को मंजूर नक्शे और तय नियमों के हिसाब से काम करना होता है.
पैसे देने से पहले कागज पढ़ें
घर की कीमत तय होने के बाद कई लोग जल्दी में कागज पर साइन कर देते हैं. ऐसा नहीं करना चाहिए. साइन करने से पहले ध्यान से देखें कि घर की कुल कीमत कितनी है, आपको कितने पैसे कब देने हैं और घर कब मिलेगा.
यह भी देखें कि अगर घर मिलने में देरी होती है तो क्या होगा. रेरा के नियम के अनुसार, बिल्डर लिखित और रजिस्टर्ड बिक्री समझौता किए बिना घर या फ्लैट की कीमत का 10 प्रतिशत से ज्यादा पैसा एडवांस के रूप में नहीं ले सकता.
घर तैयार है तो ये कागज भी देखें
अगर घर बनकर तैयार है, तो सिर्फ चाबी मिल जाने से काम पूरा नहीं होता. यह भी जांचें कि घर के लिए जरूरी प्रमाणपत्र मिले हैं या नहीं. साथ ही यह देखें कि घर के मालिकाना हक के सभी कागज सही हैं. बिल्डर से घर से जुड़े जरूरी कागज जरूर लें और उन्हें संभालकर रखें.
पैसे देने से पहले थोड़ी जांच जरूर करें
घर खरीदते समय जल्दबाजी बिल्कुल न करें. कोई अच्छा ऑफर मिल रहा हो या बेचने वाला जल्दी पैसे मांग रहा हो, तब भी पहले कागज जांचें. इन छोटीछोटी बातों की जांच करने से आपका पैसा और भविष्य दोनों सुरक्षित रह सकते हैं.