Telangana News: तेलंगाना के खम्मम जिले से ‘पतिपत्नी और वो’ के रिश्ते में साजिश और सनसनीखेज साजिश का मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बनाया. साजिश इतनी शातिराना थी कि हत्या को सड़क हादसा का रूप देने की तैयारी थी. हालांकि, समय रहते पति के हाथ दोनों की सीक्रेट चैट लग गई, जिसके बाद उसने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, डोरनाकल मंडल के चिलकोड गांव निवासी जी. राजेशवर राव की शादी वर्ष 2016 में सूर्यपेट जिले के मट्टमपल्ली मंडल के राघवपुरम की रहने वाली भवानी से हुई थी. दोनों की दो बेटियां हैं. राजेशवर राव खम्मम के एक निजी अस्पताल में काम करते हैं.
राजेशवर राव ने पुलिस को बताया कि बीते कुछ महीनों से उन्हें अपनी पत्नी के व्यवहार में बदलाव नजर आ रहा था. जांच करने पर उन्हें पता चला कि भवानी की जानपहचान खम्मम में ही कूरियर डिलीवरी एजेंट का काम करने वाले सैडुलु से हुई थी. धीरेधीरे दोनों की दोस्ती अवैध संबंधों में बदल गई. आरोप है कि पति की गैरमौजूदगी में सैडुलु अक्सर उनके घर आताजाता था.
WhatsApp चैट देखकर उड़े पति के होश
पति को पत्नी के अफेयर का शक तो था, लेकिन मामले ने तब खौफनाक मोड़ ले लिया जब राजेशवर के हाथ पत्नी भवानी और सैडुलु के बीच हुई बातचीत के सबूत लग गए. चैट में भवानी और सैडुलु पति राजेशवर राव की हत्या करने का प्लान बना रहे थे. एक मैसेज में भवानी ने कथित तौर पर सैडुलु से कहा कि यदि वह उसके पति को जान से मार दे, तो दोनों हमेशा के लिए एक साथ रह सकते हैं. इतना ही नहीं, मर्डर को किसी साजिश के बजाय एक साधारण ‘रोड एक्सीडेंट’ का रूप देने पर चर्चा की गई थी.
चैट के स्क्रीनशॉट लेकर थाने पहुंचा पति, Zero FIR दर्ज
अपनी और अपनी दो मासूम बेटियों की जान को खतरा देखते हुए राजेशवर राव तुरंत डोरनाकल पुलिस स्टेशन पहुंचे. उन्होंने पत्नी और उसके प्रेमी के बीच हुई पूरी बातचीत के स्क्रीनशॉट और अन्य सबूत पुलिस को सौंपते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डोरनाकल पुलिस ने तुरंत ज़ीरो एफआईआर दर्ज कर ली है. चूंकि घटना क्षेत्र खम्मम का है, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए मामले को खम्मम रूरल पुलिस स्टेशन ट्रांसफर कर दिया गया है. पुलिस अब चैट की फॉरेंसिक जांच कराने और आरोपियों से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है.