शेयर बाजार में लगातार हो रहे उतारचढ़ाव के बीच सही शेयरों का चुनाव करना आम निवेशकों के लिए हमेशा एक मुश्किल काम होता है. खासतौर पर मिडकैप सेगमेंट में, जहां रिस्क के साथसाथ शानदार रिटर्न की गुंजाइश सबसे ज्यादा होती है. निवेशकों की इसी जरूरत को समझते हुए देश के सबसे बड़े फंड हाउस एसबीआई म्यूचुअल फंड ने आज, 27 जुलाई 2026 को अपना एक नया फंड ऑफ फंड्स लॉन्च किया है. इस नई स्कीम का नाम ‘SBI Nifty Midcap 150 Momentum 50 ETF फंड ऑफ फंड’ रखा गया है. यह एक ओपनएंडेड स्कीम है.

कैसे काम करेगी निवेश की ये स्कीम
शेयर बाजार में ‘मोमेंटम इन्वेस्टिंग’ का मतलब है, चढ़ते बाजार की लहर पर सवार होना. यह फंड उन शेयरों पर दांव लगाता है जिन्होंने हाल के दिनों में अपने प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले सबसे बेहतरीन और मजबूत प्रदर्शन किया है. यह स्कीम सीधे तौर पर शेयरों में पैसा नहीं लगाएगी. इसके बजाय निवेशकों का 95 से 100 फीसदी पैसा ‘SBI निफ्टी मिडकैप 150 मोमेंटम 50 ETF’ की यूनिट्स में निवेश किया जाएगा. यह इंडेक्स निफ्टी मिडकैप 150 में से चुनी गई 50 सबसे तेज और मजबूत कंपनियों का एक बास्केट है. वहीं, तरलता बनाए रखने के लिए फंड का 0 से 5 फीसदी हिस्सा सुरक्षित सरकारी सिक्योरिटीज , ट्रेजरी बिल तथा लिक्विड म्यूचुअल फंड्स में रखा जाएगा.
महज 5 हजार से शुरू करें निवेश का सफर
एसबीआई म्यूचुअल फंड का यह नया एनएफओ आज से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है. निवेशक 05 अगस्त 2026 तक इस खास स्कीम में अपना पैसा लगा सकेंगे. इस फंड में एंट्री लेना बेहद आसान रखा गया है. आप मात्र 5,000 रुपये के न्यूनतम लमसम निवेश के साथ इसकी शुरुआत कर सकते हैं. इसके बाद 1 रुपये के गुणक में कितनी भी रकम जमा की जा सकती है. इसके अलावा, जो लोग नियमित रूप से छोटी रकम निवेश करना चाहते हैं, उनके लिए एसआईपी की शानदार सुविधा भी मौजूद है. अपनी सहूलियत के हिसाब से निवेशक डेली, वीकली, मंथली, क्वाटरली, हाफइयरली या सालाना एसआईपी का विकल्प आसानी से चुन सकते हैं.
डीमैट खाते के बिना उठाएं ETF का सीधा फायदा
आमतौर पर किसी भी ईटीएफ में निवेश करने के लिए आपके पास एक डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट होना अनिवार्य होता है, जो कई नए निवेशकों के लिए एक बड़ी रुकावट बन जाता है. लेकिन इस स्कीम की सबसे बड़ी खासियत इसका ‘फंड ऑफ फंड’ ढांचा है. इसका मतलब है कि जिन निवेशकों के पास डीमैट खाता नहीं है, वे भी किसी भी सामान्य म्यूचुअल फंड की तरह इस योजना में निवेश कर सकते हैं. फंड हाउस ने इस अहम स्कीम को मैनेज करने की जिम्मेदारी अनुभवी फंड मैनेजर विरल छाडवा को सौंपी है. विरल दिसंबर 2020 से एसबीआई के साथ जुड़े हुए हैं और कंपनी के कई पैसिव फंड्स को सफलतापूर्वक संभाल रहे हैं.