IPL के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। सुष्मिता सेन से अपने रिश्ते पर चर्चा के बाद अब उन्होंने अपना फ्यूचर प्लान भी उजागर कर दिया है। उन्होंने बताया है कि वह फिलहाल अपनी जिंदगी पर आधारित एक बायोपिक पर काम कर रहे हैं। हालांकि पर्दे पर उनका किरदार कौन सा एक्टर निभाएगा, यह अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन ललित मोदी ने ANI को दिए एक इंटरव्यू में बताया कि बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह कुछ साल पहले लंदन में उनसे मिले थे और इस बायोपिक फिल्म में उनका किरदार निभाने में उन्होंने काफी दिलचस्पी दिखाई थी।

रणवीर करना चाहते हैं ललित मोदी का रोल
उन्होंने कहा, ‘हां, बायोपिक पर काम चल रहा है। अभी इसकी स्क्रिप्ट लिखी जा रही है। मैंने पहले ही सैकड़ों इंटरव्यू दिए हैं, मेरे पास स्नेहा रजनी के नेतृत्व में एक पूरी टीम है, जो पहले सोनी चलाती थीं, लेकिन वे अभी सिर्फ कहानी की स्क्रिप्ट लिख रही हैं।’जब उनसे पूछा गया कि वह इस बायोपिक में अपना किरदार किसे निभाते देखना चाहेंगे तो ललित ने बताया, ‘रणवीर मेरा किरदार निभाना चाहते हैं। वह मुझसे मिलने आए थे। मैं चाहूंगा कि वही ये किरदार निभाएं, लेकिन अगर उनके पास समय हो, क्योंकि अब वह बहुत बड़े स्टार बन गए हैं। मैं रणवीर को नहीं जानता था। मैं दीपिका को बहुत अच्छी तरह जानता था। मैं रणवीर से कभी नहीं मिला था। एक दिन मुझे फोन आया कि रणवीर मुझसे मिलना चाहते हैं, ये कुछ साल पहले की बात है, करीब दो साल पहले वो मुझसे मिलने लंदन आए थे।’
रणवीर से हुई मुलाकात का ललित ने किया जिक्र
ललित मोदी ने साफ तौर पर कहा कि उन्हें पक्का नहीं पता कि रणवीर सिंह अब भी उनका किरदार निभाने में दिलचस्पी रखेंगे या नहीं, लेकिन ललित को रणवीर का काम पसंद हैं। खासकर फिल्म ‘धुरंधर’ में उनके अभिनय की ललित ने तारीफ की। उन्होंने आगे कहा, ‘रणवीर ने कहा था कि अगर उनकी जिंदगी में कोई एक ऐसा किरदार है जिसे वह निभाना चाहते हैं तो वो ललित मोदी का किरदार है। ये मैंने उनसे नहीं पूछा था, उन्होंने खुद कहा, मुझे लगता है कि वह बहुत बढ़िया एक्टर हैं। इसमें कोई शक नहीं कि वह कमाल के हैं और उन्होंने ‘धुरंधर’ में जो काम किया है, वह जबरदस्त है। चाहे वह अब मेरा किरदार निभाना चाहें या न चाहें, लेकिन दो साल पहले हम यहीं, इसी घर में, यहीं बैठकर इस बारे में बात कर चुके हैं कि वह मेरा किरदार निभाएंगे, लेकिन अब हम इसकी स्क्रिप्ट लिख रहे हैं। काफी मेहनत लग रही है।’
Khabar Monkey
सुष्मिता से रिश्ते पर ललित ने कही थी ये बात
बता दें, चंद दिनों पहले ही ललित मोदी ने सुष्मिता सेन से अपने रिश्ते पर बात की और साफ तौर पर कहा कि दोनों रिलेशनशिप में थे और आज भी अच्छे दोस्त हैं। उनसे सुष्मिता के एक बयान का जिक्र किया गया जिसमें उन्होंने कहा था, ‘मैं गोल्डडिगर नहीं डायमंड डिगर हूं’, जो कि उनके रिलेशन को लेकर उठे सवालों के जवाब में एक्ट्रेस ने दिया था। भारी ट्रोलिंग के बीच एक्ट्रेस ने ये जवाब दिया था, अब जब ये बात ललित मोदी के सामने आई तो उन्होंने साफ कहा कि वो गोल्ड डिगर नहीं हैं। वो एक अमीर महिला हैं और उन्होंने ये दौलत खुद के दम पर मेहनत कर के कमई है, वो एक अच्छी मां हैं और दो बेटियों की शानदार परवरिश कर रही हैं। इसी कड़ी में ललित मोदी ने ये भी कहा कि सुष्मिता ने उनसे कभी कुछ नहीं लिया बल्कि उनके खर्चे भी उठाए हैं।












