उत्तर भारत में इस समय कई राज्यों में भीषण गर्मी और तेज लू का असर देखने को मिल रहा है। बढ़ते तापमान से राहत पाने के लिए विकेंड या फिर समर वेकेशन के दौरान अधिकतर लोग ठंडी और शांत जगहों पर जाना पसंद करते हैं। खासकर पहाड़ी इलाकों का मौसम इस दौरान काफी सुहावना रहता है, जहां दिन में ठंडी हवाएं चलती हैं और रात का तापमान कई बार 10 डिग्री सेलिस्यस से नीचे पहुंच जाता है।

वैसे तो हिमाचल प्रदेश के कई ठंडी जगहों पर आप घूमने गए होंगे, लेकिन शिमला और मनाली जैसे प्रसिद्ध हिल स्टेशनों पर भीड़ अधिक रहती है। ऐसे में आप इन 7 जगहों पर जाने का प्लान बना सकते हैं, जहां पर कम भीड़ रहती है, वातावरण ठंडा रहता है, खूबसूरत प्राकृतिक नजारों के बीच माहौल काफी शांत रहता है।
स्पीति वैली
आप शिमला-मनाली के बजाए हिमाचल प्रदेश के सबसे ठंडी जगहों में से एक स्पीति वैली जा सकते हैं। ऊंचे पहाड़ों और बर्फीली वादियों से घिरा यह जगह मई-जून में काफी ठंडा रहता है। रात में यहां तापमान 0 डिग्री से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। यहां की ठंडी हवाएं, शांत माहौल और प्राकृतिक नजारे आपके ट्रिप को यादगार बना सकते हैं।
किब्बर
लाहौल और स्पीति वैली जिले में स्थित किब्बर दुनिया के सबसे ऊंचाई पर बसे गांवों में से एक माना जाता है। यहां दिन में मौसम काफी सुहावना होता है। रात में कई बार तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। अगर आप एडवेंचर और नेचर लवर्स हैं, तो बर्फीली पहाड़ों और शांत वातावरण के बीच यहां गर्मी में घूमने जा सकते हैं।
कल्पा
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में स्थित कल्पा अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और ठंडे मौसम के लिए जाना जाता है। यहां से किन्नर कैलाश पर्वत का शानदार दृश्य दिखाई देता है। मई-जून में यहां रात में तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है।
चितकुल
गर्मी के मौसम में चितकुल भी घूमने जा सकते हैं। यहां पर रात में तापमान काफी कम हो जाता है। वहीं, दिन में मौसम काफी सुहावना होता है। भारत-तिब्बत सीमा के करीब स्थित चितकुल देश के आखिरी गांवों में गिना जाता है। यहां आप बर्फीले पहाड़ों और बस्पा नदी के खूबसूरत नजारे के बीच कुछ देर सुकून के पल बिता सकते हैं।
बारालाचा ला
अगर आप लाहौल स्पीति की तरह खूबसूरत प्राकृतिक नजारों के बीच सुकून के पल बिताना चाहते हैं तो बारालाचा ला जा सकते हैं। यह भी लाहौल स्पीति के पास ही स्थित है। यह हिमाचल के सबसे ऊंचे और ठंडे दर्रों में से एक है। यहां कई बार गर्मियों में भी बर्फ जमी रहती है और तापमान शून्य के आसपास पहुंच जाता है।
Khabar Monkey
सेथन
पिछले कुछ समय से पर्यटकों के बीच हिमाचल प्रदेश का सेथन काफी लोकप्रिय होता जा रहा है। यह मनाली के पास स्थित एक छोटा सा गांव है, जहां गर्मियों में भी मौसम काफी ठंडा रहता है और कई बार रात में तापमान 5-8 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाता है।
जलोरी पास
घने जंगलों और ऊंचे पहाड़ों से घिरा जलोरी पास कुल्लू जिले में स्थित है। यह जगह गर्मियों में ठंडी हवाओं के लिए जानी जाती है। यहां पर आप ट्रैकिंग और कैंपिंग भी कर सकते हैं।
नाको
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में स्थित नाको अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, शांत वातावरण और ठंडे मौसम के लिए जाना जाता है। यहां की झील, पहाड़ और ठंडी हवाएं पर्यटकों को खूब आकर्षित करती हैं। गर्मियों में आप यहां भी जाने का प्लान बना सकते हैं।





