इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 52वां लीग मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस की टीम के बीच में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया लेकिन उनके लिए शुरुआत किसी बुरे सपने से कम साबित नहीं हुआ। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से इस मैच का पहला ओवर फेंकने के लिए आए जोफ्रा आर्चर ने नो-बॉल और वाइड की ऐसी झड़ी लगाई कि उन्होंने अपने पहले ओवर में कुल 11 गेंदें फेंकने के साथ एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया जो कोई भी गेंदबाज कभी नहीं बनाना चाहेगा।
Khabar Monkey

जोफ्रा आर्चर इस मामले में आईपीएल इतिहास के पहले खिलाड़ी
आईपीएल के इतिहास में जोफ्रा आर्चर अब पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने किसी मुकाबले के पहले ओवर में कुल 11 गेंदें फेंकी हैं। वहीं ये आईपीएल में अभी तक के सबसे ज्यादा गेंदें फेंके जाने वाले ओवर्स में संयुक्त रूप से छह अन्य खिलाड़ियों के साथ पहले नंबर पर है। यदि जोफ्रा इस ओवर में एक गेंद और फेंकते तो वह आईपीएल में एक ओवर में सबसे ज्यादा गेंदें फेंकने वाले गेंदबाज बन जाते। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में जोफ्रा ने अपने पहले ओवर में जहां कुल चार वाइड गेंदें फेंकी तो वहीं इसमें एक नो-बॉल भी शामिल थी। इसके अलावा उन्होंने इस ओवर में कुल 18 रन दिए।
आईपीएल में एक ओवर में सबसे ज्यादा गेंदें फेंकने वाले बॉलर्स
- मोहम्मद सिराज – 11 गेंदें बनाम मुंबई इंडियंस (बेंगलुरु, साल 2023, 19वां)
- तुषार देशपांडे – 11 गेंदें बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स (चेन्नई, साल 2023, चौथा ओवर)
- शार्दुल ठाकुर – 11 गेंदें बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (कोलकाता, साल 2025, 13वां ओवर)
- संदीप शर्मा – 11 गेंदें बनाम दिल्ली कैपिटल्स (दिल्ली, साल 2025, 20वां ओवर)
- हार्दिक पांड्या – 11 गेंदें बनाम गुजरात टाइटंस (मुंबई, साल 2025, 8वां ओवर)
- अर्शदीप सिंह – 11 गेंदें बनाम गुजरात टाइटंस (मुल्लांपुर, साल 2026, 20वां ओवर)
- जोफ्रा आर्चर – 11 गेंदें बनाम गुजरात टाइटंस (जयपुर, साल 2026, पहला ओवर)
अब तक इस सीजन गेंद से दिखा है शानदार प्रदर्शन
राजस्थान रॉयल्स टीम के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर का अभी तक आईपीएल के 19वें सीजन में गेंद से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने कुल 15 विकेट हासिल किए हैं। ऐसे में उनके लिए गुजरात टाइटंस के खिलाफ ये मुकाबला थोड़ा खराब जरूर साबित हुआ है।





