
मुजफ्फरनगरः उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद पुलिस ने एक गैंग के आठ फर्जी अधिकारियों को गिरफ्तार किया है, जो रात के अंधेरे में खुद को भारत सरकार परिवहन विभाग के अधिकारी बताकर हाईवे पर चलने वाले वाहनों से सेफ्टी रिफ्लेक्टर लगाने के नाम पर अवैध वसूली किया करते थे. गिरफ्त में आए इन अभियुक्तों के पास से पुलिस ने ₹52000 की नगदी, सैकड़ों की संख्या में अवैध वसूली की पर्चियां और भारत सरकार लिखी एक अर्टिगा कार भी बरामद की है.
मुखबिर से पुलिस को मिली थी फर्जीवाड़े की जानकारी
दरअसल, मंगलवार देर रात मुखबिर द्वारा नगर कोतवाली पुलिस को ये सूचना मिली थी की कुछ लोग सहारनपुर मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर स्थित रोहाना टोल प्लाजा के पास खुद को भारत सरकार परिवहन विभाग के अधिकारी बताकर वाहनों पर सेफ्टी रिफ्लेक्टर लगाने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं. जिसके चलते पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मौके से 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है.
दूसरे जिलों में भी करते थे ठगी
पकड़े गए अभियुक्तों में धीरेंद्र, शिवदीप त्यागी, गुलवीर राणा, मंगेशपाल, वरुण खोकर, विजय कुमार, गौरव कुमार और अनुज कुमार शामिल है. जिनके पास से पुलिस ने तकरीबन 52000 की नगदी, सैकड़ों की तादात में वसूली की फर्जी पर्चियां और एक अर्टिका कार भी बरामद की है. आलाधिकारियों की माने तो यह गैंग मुजफ्फरनगर जनपद के अलावा भी अन्य कई जनपदों में भी इस तरह की अवैध वसूली कर चुका है, जिसके लिए अब पुलिस ये जानकारी जुटाने में जुट गई है.





