प्रेगनेंसी के दौरान कैंसर होना एक रेयर लेकिन गंभीर स्थिति मानी जाती है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि इसका असर सिर्फ मां तक सीमित रहता है या गर्भ में पल रहे बच्चे पर भी पड़ सकता है. कई महिलाएं इस स्थिति को लेकर चिंता और डर महसूस करती हैं, क्योंकि यह मां और बच्चे दोनों की सेहत से जुड़ा मामला होता है.

प्रेगनेंसी में शरीर पहले से ही कई शारीरिक और हॉर्मोनल बदलावों से गुजर रहा होता है, ऐसे में कैंसर जैसी बीमारी स्थिति को और जटिल बना सकती है. हालांकि हर महिला का मामला अलग होता है और इसका प्रभाव कई बातों पर निर्भर करता है, जैसे का प्रकार, उसकी स्टेज और इलाज कब शुरू किया गया. कई मामलों में सही समय पर पहचान और इलाज से स्थिति को कंट्रोल किया जा सकता है. इसलिए इस विषय को सही तरीके से समझना और घबराने के बजाय जानकारी लेना ज्यादा जरूरी होता है.
क्या बच्चे पर पड़ता है कैंसर का असर?
आरएमएल हॉस्पिटल में महिला रोग विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सलोनी चड्ढा बताती हैं कि प्रेगनेंसी के दौरान कैंसर का असर हर मामले में अलग-अलग हो सकता है. आमतौर पर कैंसर सीधे तौर पर बच्चे तक नहीं पहुंचता, लेकिन कुछ स्थितियों में इसका असर पड़ सकता है, जैसे अगर मां की सेहत ज्यादा खराब होती है या शरीर कमजोर हो जाता है, तो इसका असर बच्चे के विकास पर पड़ सकता है.
इसके अलावा, इलाज के दौरान दी जाने वाली कुछ दवाइयों या थेरेपी का भी प्रभाव पड़ सकता है, खासकर प्रेगनेंसी के शुरुआती महीनों में. हालांकि डॉक्टर स्थिति के अनुसार इलाज तय करते हैं, ताकि बच्चे की सुरक्षा बनी रहे. इसलिए किसी भी तरह की चिंता होने पर विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है.
इलाज के दौरान किन बातों का ध्यान रखा जाता है?
प्रेगनेंसी में कैंसर का इलाज करते समय डॉक्टर मां और बच्चे दोनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं. इलाज का तरीका कैंसर के प्रकार और प्रेगनेंसी की अवधि को ध्यान में रखकर तय किया जाता है.
कई बार ऐसी दवाइयों और प्रक्रियाओं का चयन किया जाता है, जिनसे बच्चे पर कम से कम असर पड़े. साथ ही मां की सेहत की लगातार निगरानी भी जरूरी होती है.
कैंसर के इलाज का समय और तरीका क्यों जरूरी होता है?
प्रेगनेंसी के दौरान कैंसर के इलाज का समय और तरीका बेहद अहम होता है, क्योंकि इसका सीधा असर मां और बच्चे दोनों पर पड़ सकता है. सही समय पर इलाज शुरू करना और सुरक्षित विकल्प चुनना जरूरी होता है. इसलिए डॉक्टर हर पहलू को ध्यान में रखकर ही इलाज की योजना बनाते हैं, ताकि दोनों की सेहत सुरक्षित रहे.





