गर्मियों का मौसम आते ही खानपान में भी बदलान शुरु हो जाता है. इस मौसम में शरीर को ज्यादा ठंडक की जरूरत होती है. ऐसे में लोग अपनी डाइट में गर्म चीजों को हटाकर ठंडी चीजों को शामिल करते हैं. यही वजह है कि बहुत से लोग कंफ्यूज रहते हैं कि क्या गर्मियों में किशमिश या मुनक्का खाना चाहिए. दोनों ही अंगूर से बने होते हैं और पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं, लेकिन इनकी तासीर, असर और शरीर पर पड़ने वाले प्रभाव अलग-अलग होते हैं, जिसकी वजह से सही चुनाव करना जरूरी हो जाता है.

कई लोग बिना जानकारी के कभी भी किसी भी समय इन्हें खाना शुरू कर देते हैं. जबकि मौसम के हिसाब से सही चीज चुनना ज्यादा जरूरी होता है. खासकर गर्मियों में ऐसी चीजों का सेवन करना चाहिए जो शरीर को ठंडक दे, पाचन को हल्का रखे और डिहाइड्रेशन से बचाए. ऐसे में अगर आप भी जानना चाहते हैं कि किशमिश या मुनक्का में से किसे चुनें तो ये आर्टिकल आपके लिए है. चलिए बताते हैं दोनों के बीच क्या है ज्यादा बेहतर.
किशमिश और मुनक्का…कौन है पोषक तत्व में आगे?
किशमिश और मुनक्का दोनों ही अंगूर से बनाए जाते हैं. लेकिन दोनों ही पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं. लेकिन अगर बात की जाए ज्यादा पोषक तत्वों की, तो मुनक्का थोड़ा आगे माना जाता है. मुनक्का आकार में बड़ा और कम प्रोसेस्ड होता है, जिसमें आयरन, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स की मात्रा ज्यादा पाई जाती है. जो शरीर की कमजोरी दूर करने, खून बढ़ाने और इम्युनिटी मजबूत करने में मदद करते हैं. वहीं किशमिश में भी फाइबर, नेचुरल शुगर और एनर्जी भरपूर होती है, जो तुरंत ताकत देने और पाचन को बेहतर बनाने में सहायक है. दोनों की ही तासीर गर्म होती है. लेकिन किशमिश को भिगोने पर अपनी तासीर बैलेंस कर लेती है.
किशमिश और मुनक्के के फायदे
किशमिश और मुनक्के दोनों ही सेहत के लिए फायदेमंद हैं, लेकिन इनके फायदे थोड़ा अलग होते हैं. किशमिश हल्की होती है और जल्दी एनर्जी देने का काम करती है, साथ ही यह पाचन को बेहतर बनाकर कब्ज की समस्या को कम करने में मदद करती है और शरीर को ठंडक भी देती है, इसलिए गर्मियों में ज्यादा फायदेमंद मानी जाती है. वहीं मुनक्का ज्यादा पौष्टिक और ताकतवर माना जाता है, जो खून बढ़ाने, कमजोरी दूर करने और इम्युनिटी मजबूत करने में मदद करता है. इसके अलावा मुनक्का गले की खराश और सूखी खांसी में भी राहत देता है.
गर्मियों में क्या खाना है बेहतर?
आयुर्वेद एक्सपर्ट किरण गुप्ता बताती हैं कि वैसे तो दोनों ही काफी ताकतवर सूखे मेवे हैं. लेकिन गर्मियों में अगर डाइट में किसी एक को शामिल करने की बात आए तो किशमिश थोड़ी ज्यादा बेहतर है. इसे आप भिगोकर खा सकते हैं. मुनक्का ताकत ज्यादा देता है. लेकिन इसकी तासीर ज्यादा गर्म होती है. हालांकि, आप इसे तवे पर हल्का सा सेंक कर कम मात्रा में खा सकते हैं.





