UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां के नगीना में किसान नेता हर्षवर्धन सिंह के 22 साल के बेटे पृथ्वीराज का कमरे में खून से लथपथ शव मिला है. संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से पृथ्वीराज की मौत होने की सूचना है. उसके शव के पास ही बंदूक पड़ी थी, जबकि कमरे में रखी अलमारी पर भी गोली लगने का निशान मिला है. परिवार वालों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है.

जानकारी के अनुसार, नगीना के फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी किसान नेता कुंवर हर्षवर्धन सिंह शनिवार शाम अपनी पत्नी के साथ एक विवाह समारोह में गए थे. घर पर उनका छोटा बेटा पृथ्वीराज अकेला था. इसी दौरान पृथ्वीराज का एक दोस्त घर पहुंचा. कमरे में पहुंचने पर उसने पृथ्वीराज को खून से लथपथ मृत अवस्था में देखा. इसके बाद उसने तुरंत पृथ्वीराज के परिवार वालों को जानकारी दी. पृथ्वीराज के सीने में गोली लगी थी.
किसान नेता का आरोपबेटे की हत्या हुई
कमरे में रखी अलमारी पर भी गोली का निशान मिला. बंदूक पृथ्वीराज के पास ही पैरों की तरफ पड़ी थी. ये उसके पिता की ही लाइसेंसी बंदूक बताई जा रही है. वहीं अलमारी पर गोली का निशान मिलने से घटना और संदिग्ध हो गई है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की. शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है. हालांकि, किसान नेता का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या हुई है.
पुलिस ने कमरे की फॉरेंसिक जांच की और बंदूक कब्जे में ली
पुलिस ने कमरे की फॉरेंसिक जांच की और बंदूक को कब्जे में ले लिया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में खंगाले जा रहे हैं. मृतक के पिता हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि मेरे ही हथियार से बेटे की किसी ने हत्या की है. अलमारी पर भी गोली का निशान था. पृथ्वीराज नोएडा के सेक्टर16 स्थित जेकेएफटीआईआई कॉलेज से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई कर रहा था. उसका बड़ा भाई पुरु भी नोएडा में रहकर पढ़ाई कर रहा है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मामले में एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने कहा कि मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. कारण अभी साफ नहीं है. परिवार से पूछताछ चल रही है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक सबूतों को भी जांच रही है.