Lucknow BJP leader Missing Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सत्ताधारी दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले 39 दिनों से लापता चल रहे भाजपा नेता राम नारायण बाजपेई का यूपी पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है। इस बीच, अपहरणकर्ताओं ने उनकी बेटी को फोन कर 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी है और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी है।

गौरतलब है कि इस मामले में परिजनों की तहरीर पर अमीनाबाद थाने में पहले ही शिवम गुप्ता समेत पांच आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140 के तहत नामजद एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, लखनऊ के गणेशगंज स्थित ग्रेन मार्केट के रहने वाले बुजुर्ग राम नारायण बाजपेई पिछले 39 दिनों से लापता हैं। परिजनों का आरोप है कि करीब ढाई महीने पहले उनका अपहरण कर पहले 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दिया गया है। पीड़ित परिवार लगातार पुलिस और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है, लेकिन इसके बावजूद अब तक उनकी बरामदगी नहीं हो पाई है।
ये भी पढ़ें:
पुलिस के हाथ अब तक खाली
इस मामले में भाजपा नेता राम नारायण बाजपेई की बेटी आंचल बाजपेई पाठक की शिकायत पर 22 नवंबर 2026 को अमीनाबाद थाने में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। हालांकि, मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। बेटी आंचल के अनुसार, इस एफआईआर में शिवम गुप्ता उर्फ शोभित कृष्ण शुक्ला, राजकुमार गुप्ता, रामेश्वरी गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता और ड्राइवर नीतू कनौजिया को नामजद किया गया है।
व्हाट्सएप के जरिए आई फिरौती की कॉल
इस मामले में परिवार ने बताया कि आरोपियों ने 9005566415 नंबर से व्हाट्सएप कॉल के जरिए परिवार के सदस्यों से संपर्क साधा। सबसे पहले 21 अक्टूबर को 5 हजार रुपये की मांग की गई, जिसके बाद 2 नवंबर को ज्यादा पैसे भेजने का दबाव बनाया गया और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
इसके बाद 3 नवंबर को आरोपियों ने राम नारायण बाजपेई के मित्र लक्ष्मी चौरसिया से दोपहर 2:46 बजे एक लाख रुपये, बेटी शुचि शुक्ला से दोपहर 3:42 बजे चार लाख रुपये और दामाद पुष्कर पाठक से 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
परिवार ने मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री से की शिकायत
परिजनों का कहना है कि बेटी आंचल बाजपेई पाठक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में जाकर इस संबंध में शिकायत सौंप चुकी है। इसके अतिरिक्त, बेटे और बेटी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी भेंट कर बुजुर्ग की सकुशल वापसी के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।
परिवार का यह भी आरोप है कि अपहरण के आरोपी के घर का पता ढूंढकर पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आ पाया है।
ये भी पढ़ें: