उत्तराखंड में बनने वाली सर्दियों की पारंपरिक डिश की बात करें तो यहां पर काफुली बनाते हैं जिसे कफली, कापला या धब्बड़ी के नाम से भी जाना जाता है. ये खासकर कुमाऊं क्षेत्रों में ज्यादा लोकप्रिय है. हालांकि गढ़वाल में भी इसे बनाया जाता है. इसमें पहाड़ी पालक, लहसुन, अदरक, कसूरी मेथी, धनिया, जैसी बेसिक चीजें डाली जाती हैं और सिलबट्टे पर क्रश किए मसालों से तड़का लगाते हैं और चावल के आटे का आलन डाला जाता है. इसके अलावा उत्तराखंड में फानू, भट्ट की चुड़कानी, डुबके, मंडुए की रोटी, भांग की चटनी, झंगोरा की खीर, बाल मिठाई सर्दियों में विशेषकर बनते हैं.

पंजाब और हरियाणा में सर्दियों के दौरान मक्के की रोटी और मक्खन वाला सरसों का साग खूब खाया जाता है. इसके अलावा यहां बाजरे की रोटी, गुड़, बथुआ का रायता, पिन्नी, पंजीरी, गजक जैसी चीजें सर्दियों में मुख्य रूप से खाई जाती हैं.
उत्तर प्रदेश में सर्दियों के दौरान मटर का निमोना खूब बनाया जाता है. खासकर बनारस और प्रयागराज में ये डिश ज्यादा प्रचलित है. इसके अलावा लोग उड़द दाल की खिचड़ी सर्दियों में खूब खाते हैं और मेथीपालक का साग, घुघनी, चौलाई, सरसों का साग, बथुआ का साग और पराठे काफी पसंद किए जाते हैं.
राजस्थान की बात करें तो यहां पर लोग सर्दियों में बाजरे की खिचड़ी खूब बनाते हैं. इसके अलावा बाजरा की रोटी के साथ लहसुन की चटनी पसंद की जाती है. हालांकि बाजरा की रोटी तो देश के ज्यादातर हिस्सों में सर्दियों के दौरान खाई ही जाती है, क्योंकि ये शरीर को गर्म रखती है. इसके अलावा सर्दियों में राजस्थान में और भी कई व्यंजन बनते हैं जैसे कच्ची हल्दी की सब्जी, मक्की के ढोकले, मेथी मंगोड़ी, पापड़मेथी की सब्जी, बाजरे की राब.
सूरती उंधियू, जिसे गुजराती उंधियू के नाम से भी जाना जाता है. ये सर्दियों में बनने वाला यहां का बेहद खास, स्वादिष्ट और हेल्दी व्यंजन है, क्योंकि ये सब्जियों और मेथी के कोफ्तों का एक ऐसा मिश्रण है, जिसे मसालों के खुशबूदार मेल के साथ पकाया जाता है. खासकर इसमें सूरती पापड़ी, हरे मटर, आलू, रतालू, बैंगन और कच्चे केले जैसी सब्जियां डाली जाती हैं और बिना तेल के ही मिट्टी के मटके में सील करके उपलों की आंच पर पकाते हैं.
बंगाल में सर्दियों के दौरान बनने वाले व्यंजनों की बात करें तो यहां लाब्रा बनाते हैं. ये कई सब्जियों को मिलाकर बनाई जाने वाली मसालेदार सब्जी होती है, जिसमें पंच फोरन पड़ता है. इसे खास मौकों पर भी बनाया जाता है. इसके अलावा बंगाल के विंटर फूड्स की बात करें तो लूची और कोशुआ मांगशो, आलूफुलकोपी पोस्टो, नोलेन गुड़ फिरनी, नारकोल नारू, और पिठेपुली आदि बनाते हैं.
बिहार में विंटर सीजन के दौरान लिट्टीचोखा खूब खाया जाता है. वैसे तो इसे आज के समय में हर मौसम में लोग खाना पसंद करते हैं. इसके अलावा यहां सत्तू का पराठा, चने की घुघनी, चूड़ा मटर, पीठा, तिलकुटलाई, भक्का, साग, भी सर्दियों के मौसम में खूब पसंद किए जाते हैं.
हिमाचल प्रदेश में सर्दियों के मौसम में सिड्डू खूब बनाया जाता है, जिसमें खासतौर पर मसालों के साथ अखरोट की फिलिंग भरी जाती है. इसके अलावा यहां बबरु बनाते हैं जिसे स्नैक की तरह खाया जाता है. इसके अलावा कोल्थ की खिचड़ी, कोल्थ की कढ़ी, पतंडे जैसे व्यंजन बनाए जाते हैं.