Shravasti News: श्रावस्ती जिले में दबंगों ने दिनदहाड़े नगर पंचायत इकौना के पूर्व चेयरमैन महमूद आलम नाइमी पर जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों ने उनकी दुकान में घुसकर बेरहमी से मारपीट की. इस दौरान इलाके में दहशत फैलाने के लिए राइफल से हवाई फायरिंग भी की गई. हमले में पूर्व चेयरमैन गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

दुकान में घुसकर पूर्व चेयरमैन पर किया हमला
मामला इकौना थाना क्षेत्र स्थित इकौना बाजार का है. पूर्व चेयरमैन महमूद आलम नाइमी अपनी दुकान पर मौजूद थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर उनका विपक्षी पक्ष के लोगों से विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद कुछ दबंग हथियार लेकर उनकी दुकान में घुस आए और उन पर हमला कर दिया. हमलावरों ने पूर्व चेयरमैन के साथ जमकर मारपीट की.
महमूद आलम नाइमी को बचाने के लिए जब आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने कोशिश की तो आरोपियों ने राइफल से हवाई फायरिंग कर दी. इससे बाजार में अफरातफरी मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. परिजनों का आरोप है कि हमलावर उन्हें गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ हालत में छोड़कर भाग गए.
गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती
हमले के बाद परिजन आननफानन में निजी वाहन से महमूद आलम नाइमी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना लेकर पहुंचे. यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. परिजनों का कहना है कि घटना के समय वे दुकान पर ही मौजूद थे. अचानक हथियारों से लैस होकर आए लोगों ने हमला कर दिया. किसी तरह घायल पूर्व चेयरमैन को अस्पताल पहुंचाया गया.
सांसद शिरोमणि वर्मा ने लिया घटना का जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद शिरोमणि वर्मा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने घायल पूर्व चेयरमैन के परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. सांसद ने घटना को बेहद निंदनीय और चिंताजनक बताया. उन्होंने कहा कि इकौना बाजार जैसे व्यस्त इलाके में एक पूर्व चेयरमैन की दुकान में घुसकर हमला करना और खुलेआम फायरिंग करना गंभीर मामला है. उन्होंने पुलिस के उच्चाधिकारियों से बात कर आरोपियों की जल्द पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. सांसद ने कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए.
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
वारदात की सूचना मिलते ही इकौना थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल हमले के पीछे की असली वजह और इसमें शामिल सभी आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.