उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने संविधान दिवस के मौके पर अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है. सपा ने इसे ‘जनमन घोषणापत्र’ और ’27 का संकल्प: PDA का प्रणपत्र’ नाम दिया है. घोषणापत्र जारी करते हुए पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सिर्फ घोषणापत्र बनाती नहीं है, बल्कि उसे लागू भी करती है. उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने जब भी घोषणापत्र बनाया, उसे पूरा करने का काम किया है. अगर परिस्थितियों के मुताबिक कोई नई चीज करने की जरूरत पड़ी, तो सपा ने उसे भी शामिल करके पूरा किया.

अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में सपा सरकार के दौरान लखनऊ में हुए विकास कार्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि कई परियोजनाएं ऐसी थीं, जो पार्टी के घोषणापत्र में शामिल नहीं थीं, लेकिन सरकार ने निवेश और जरूरत के हिसाब से उन्हें पूरा कराया. अखिलेश यादव ने कहा, ‘समाजवादी पार्टी ने जब कभी भी मेनिफेस्टो बनाया है, उसको तो लागू किया ही है, लेकिन उन परिस्थितियों में उस समय पर अगर कोई नई चीज भी करनी पड़ी होगी, तो समाजवादी पार्टी ने उसको भी शामिल करके उन चीजों को पूरा किया है.’
शहरों की जरूरत के हिसाब से अलग घोषणापत्र लाएगी सपा
अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी हर शहर की जरूरत के हिसाब से भी घोषणापत्र तैयार करेगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलगअलग शहरों की जरूरतें अलग हैं और उसी के मुताबिक विकास की योजनाएं बनाई जाएंगी. पार्टी उन जरूरतों को ध्यान में रखकर अलग घोषणापत्र लाने की तैयारी करेगी. उन्होंने महिलाओं को लेकर भी बड़ा ऐलान किया. अखिलेश यादव ने कहा कि आधी आबादी के लिए समाजवादी पार्टी अलग से एक नया घोषणापत्र लेकर आएगी. उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र तैयार कर उसे भी जनता के सामने रखा जाएगा.
‘अच्छे दिन तो आए नहीं, अब बुरे दिन जाने वाले हैं’
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि अब अच्छे दिन तो आए नहीं, लेकिन बुरे दिन जाने वाले हैं. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी को भी पता है कि उसके दिन जा रहे हैं, इसलिए उसकी भाषा बदल गई है. उन्होंने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को नमन किया. अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा, सुरक्षा और संरक्षण के लिए समाजवादी पार्टी हमेशा कटिबद्ध और वचनबद्ध रहेगी.
‘देश संविधान से चलेगा, मन विधान से नहीं’
अखिलेश यादव ने संविधान को लेकर कहा कि कुछ प्रभुत्ववादी, वर्चस्ववादी और स्वार्थी लोग अपनी परंपरागत सत्ता को बनाए रखने के लिए समीक्षा और पुनर्विचार के नाम पर संविधान को बदलने और धीरेधीरे मिटाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि देश के संविधान प्रेमी लोगों को एकजुट होकर संविधान बदलने की किसी भी साजिश को कामयाब नहीं होने देना चाहिए. उन्होंने कहा कि संविधान शोषित, वंचित और गरीब लोगों के लिए ढाल की तरह है. अखिलेश यादव के मुताबिक, संविधान के रहते किसी भी पीड़ित, दुखी और अपमानित व्यक्ति को अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें देश को संविधान से नहीं, बल्कि अपने मन मुताबिक चलाना चाहती हैं. अखिलेश यादव ने कहा,’ हमारा देश संविधान से चलेगा, मन विधान से नहीं चलेगा.’