Meerut Wanted Ujaid Arrest: उत्तर प्रदेश के मेरठ से सुरक्षा एजेंसियों ने उजैद नाम के एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह आतंकी गतिविधियों से जुड़े मोहम्मद साजिद और पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के संपर्क में था। जांच में सामने आया है कि उजैद ने साजिद से बातचीत के दौरान फिदायीन हमला करने के लिए तैयार होने की बात कही थी। मेरठ पुलिस ने सोमवार शाम उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद एटीएस और इंटेलिजेंस ब्यूरो की टीम ने उससे पूछताछ की।

पाकिस्तानी नंबरों से जुड़े लोगों के संपर्क में था उजैद
जानकारी के मुताबिक, उजैद मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियापाड़ा का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह पाकिस्तान के मोबाइल नंबरों से जुड़े कई लोगों के संपर्क में था। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी। कार्रवाई की भनक लगने के बाद उजैद और उसके परिवार के घर पर ताला लगाकर फरार होने की बात भी सामने आई थी। सुरक्षा एजेंसियां उसकी गतिविधियों और संपर्कों की जांच कर रही थीं।
मोहम्मद साजिद से पूछताछ में सामने आया था नाम
इस मामले की एक अहम कड़ी मोहम्मद साजिद है। उसे जम्मूकश्मीर पुलिस ने 27 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि साजिद सेना पर फिदायीन हमला करने की तैयारी कर रहा था। पूछताछ के दौरान मेरठ के उजैद का नाम सामने आया था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया।
साजिद से कहा था फिदायीन हमले के लिए तैयार हूं
जांच से जुड़े इनपुट के मुताबिक, उजैद ने मोहम्मद साजिद से बातचीत में कहा था कि वह भी फिदायीन हमला करने के लिए तैयार है। साजिद पर युवाओं को कट्टरपंथ से जोड़ने और आतंकी गतिविधियों में शामिल करने के आरोप हैं। वह जम्मू के बठिंडी इलाके में रहकर NEET की तैयारी कर रहा था।
ATS और IB कर रही पूछताछ
मेरठ पुलिस ने सोमवार शाम उजैद को गिरफ्तार करने के बाद एटीएस और इंटेलिजेंस ब्यूरो को भी पूछताछ में शामिल किया। एजेंसियां उसके संपर्कों, पाकिस्तान के मोबाइल नंबरों से जुड़े लोगों और मोहम्मद साजिद के साथ कथित बातचीत की पड़ताल कर रही हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।