उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है. मथुरा में आयोजित पार्टी के दो दिवसीय चिंतन शिविर में मिशन2027 को लेकर पांच प्रमुख मुद्दों पर फोकस करने की रणनीति पर मंथन हुआ. बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ विकास और कानूनव्यवस्था के अलावा सांस्कृतिक और धार्मिक मुद्दों को भी चुनावी विमर्श के केंद्र में रखने की तैयारी कर रही है.

बीजेपी के इस चुनावी महामंत्र में पांच बड़े मुद्दे शामिल बताए जा रहे हैं. इनमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का मुद्दा, समान नागरिक संहिता यानी UCC, इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास, कानूनव्यवस्था और सुरक्षा तथा राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक विरासत शामिल हैं.
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का मुद्दा प्रमुख
मथुरा की बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा प्रमुखता से चर्चा में रहा. पार्टी के भीतर इस मुद्दे को और प्रखरता से उठाने और इसे चुनावी विमर्श के केंद्र में लाने पर जोर दिए जाने की जानकारी सामने आई है. बैठक के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की बात कही. उन्होंने कहा, ‘जिस तरह अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बना है, उसी तरह भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी मंदिर बनेगा.’
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मंदिर का निर्माण न्यायिक प्रक्रिया या आपसी बातचीत के जरिए हो सकता है. उन्होंने कहा, ‘अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी.’ मौर्य के इस बयान से साफ है कि बीजेपी नेतृत्व श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को सार्वजनिक राजनीतिक विमर्श में प्रमुखता से उठा रहा है
मंदिर निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि 2027 में तीसरी बार सरकार बनने के बाद अगले छह महीने के भीतर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण की दिशा में प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य रखा जाए. श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विवाद को लेकर राजनीतिक और कानूनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर भी विचार हुआ. सूत्रों के अनुसार, मध्य प्रदेश की भोजशाला के मामले की तर्ज पर कानूनी और प्रशासनिक विकल्पों पर विचार करने की बात भी सामने आई.
UCC को भी चुनावी एजेंडे में जगह
बीजेपी के पांच प्रमुख मुद्दों में समान नागरिक संहिता यानी यूनिफॉर्म सिविल कोड भी शामिल है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही उत्तर प्रदेश में 2027 में बीजेपी की सरकार बनने पर UCC लागू करने का वादा कर चुके हैं. ऐसे में पार्टी इस मुद्दे को चुनाव से पहले अपने प्रमुख राजनीतिक एजेंडे के रूप में आगे बढ़ा सकती है. बीजेपी का तर्क रहा है कि अलगअलग समुदायों के लिए अलगअलग व्यक्तिगत कानूनों की जगह समान नागरिक कानून होना चाहिए.
इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास पर भी रहेगा जोर
बीजेपी के चुनावी एजेंडे में इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास को भी प्रमुख स्थान दिया जा रहा है. सड़क, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, औद्योगिक निवेश और रोजगार जैसे मुद्दों के जरिए सरकार अपने कामकाज को जनता के सामने रखने की तैयारी में है. अयोध्या और काशी में हुए विकास कार्यों के साथ मथुरावृंदावन और ब्रज क्षेत्र के विकास को भी पार्टी प्रमुखता दे सकती है. धार्मिक पर्यटन, सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को लेकर किए गए कामों को चुनावी प्रचार में शामिल किया जा सकता है.
कानूनव्यवस्था और सुरक्षा को बनाएगी बड़ा मुद्दा
बीजेपी के एजेंडे में कानूनव्यवस्था और सुरक्षा भी शामिल है. पार्टी 2017 से पहले और उसके बाद की स्थिति की तुलना करते हुए कानूनव्यवस्था के मुद्दे को जनता के बीच ले जा सकती है. महिलाओं की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, माफिया के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस व्यवस्था में सुधार जैसे विषयों को भी चुनावी प्रचार में प्रमुखता दिए जाने की तैयारी है. बीजेपी सरकार और संगठन के नेता इन मुद्दों के जरिए विपक्ष के शासनकाल को लेकर भी सवाल उठा सकते हैं.
राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक विरासत पर भी फोकस
बीजेपी के पांचवें प्रमुख मुद्दे में राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक विरासत शामिल हैं. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और काशी विश्वनाथ धाम के विकास के बाद मथुरा को लेकर पार्टी की सक्रियता इसी व्यापक सांस्कृतिक विमर्श का हिस्सा है. पार्टी धार्मिक स्थलों, भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े मुद्दों को चुनावी अभियान में प्रमुखता दे सकती है. मथुरा की बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर हुई चर्चा को इसी रणनीति के संदर्भ में देखा जा रहा है.
तीसरी बार सत्ता में वापसी के लिए पांच मुद्दों पर दांव
उत्तर प्रदेश में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है. इसके लिए पार्टी विकास, कानूनव्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ धार्मिकसांस्कृतिक मुद्दों को भी चुनावी एजेंडे में शामिल करने की तैयारी कर रही है. मथुरा की चिंतन बैठक से श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा खास तौर पर चर्चा में आया है.