Illegal Construction Controversy: देशभर में अवैध निर्माण और बिल्डिंग नियमों की अनदेखी को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है।

जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस संजीव सचदेवा की बेंच ने नगर निकायों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। अदालत ने टिप्पणी की कि कई मामलों में अधिकारियों की मिलीभगत से नियमों का उल्लंघन होता है।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि रिहायशी क्षेत्रों में होटल, रेस्टोरेंट, गेमिंग पार्लर और सॉफ्टवेयर कंपनियों को संचालन की अनुमति कौन दे रहा है? अदालत ने निर्माण की मंजूरी, निरीक्षण और अवैध निर्माण पर कार्रवाई की प्रक्रिया में संभावित भ्रष्टाचार पर भी चिंता जताई।
भोपाल नगर निगम की रिपोर्ट पर आपत्ति
भोपाल नगर निगम ने आवासीय क्षेत्रों में की गई सीलिंग कार्रवाई की रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में पेश की। याचिकाकर्ताओं के वकील विवेक त्रिपाठी के मुताबिक, रहवासियों ने रिपोर्ट पर आपत्ति जताते हुए चुनिंदा लोगों को राहत देने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कुछ परिसरों की सीलिंग के बाद उन्हें दोबारा खोल दिया गया।
6 जनवरी को होगी अगली सुनवाई
मामले की अगली सुनवाई 6 जनवरी 2027 को निर्धारित है। इस बीच भोपाल के नए मास्टर प्लान को लेकर भी हलचल तेज है। प्रस्तावित मास्टर प्लान के ड्राफ्ट पर 10 दिसंबर तक सुनवाई होगी। इसके बाद सरकार इसे लागू करने का निर्णय ले सकती है।
राज्यों से मांगे सुधार के सुझाव
सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकारों और केंद्रशासित प्रदेशों से बिल्डिंग नियमों के प्रभावी पालन के लिए हलफनामों के माध्यम से सुझाव मांगे हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के मामलों में बिना भेदभाव कार्रवाई होनी चाहिए।
कोर्ट ने कहा कि शहर सभी नागरिकों की साझा संपत्ति हैं। अनियोजित निर्माण से यातायात, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं पर दबाव बढ़ता है।