लगातार 10 दिनों तक सोने की कीमतों में आया की गिरावट का बवाल आखिरकार सोमवार को खत्म हो गया. देश की राजधानी दिल्ली में सोने और चांदी दोनों की कीमतों में उछाल देखने को मिला. जहां सोने की कीमत में 1500 रुपए प्रति दस ग्राम की तेजी देखने को मिली. वहीं दूसरी चांदी के दाम में 2000 रुपए प्रति किलोग्राम का उछाल देखने को मिला. विदेशी बाजारों में उछाल और देश में शादी का सीजन होने की वजह से सोने और चांदी की कीमत में तेजी देखने को मिली. जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतें का रुख फेड की पॉलिसी तय करेगी. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर देश की राजधानी दिल्ली में सोने और चांदी के दाम कितने हो गए हैं…

सोने और चांदी की कीमत में उछाल
सोने की कीमतों में लगातार 10 सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला सोमवार को टूट गया. स्थानीय मांग और वैश्विक स्तर पर मजबूत रुझानों के कारण, राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 1,500 रुपए बढ़कर 1.26 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई. स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,500 रुपए बढ़कर 1,26,800 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई. शनिवार को यह 1,25,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. चांदी की कीमतों में भी उछाल आया है; यह पिछले सत्र के 1.55 लाख रुपए प्रति किलोग्राम से 2,000 रुपए बढ़कर 1.57 लाख रुपए प्रति किलोग्राम हो गई.
क्यों महंगा हुआ सोना और चांदी
HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटी सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा कि विदेशी बाजारों में तेजी और शादी के सीजन के चलते आभूषणों की मांग बढ़ने की उम्मीदों के कारण सोमवार को सोने की कीमतों में बढ़ोतरी हुई. गांधी ने कहा कि हालिया गिरावट के कारण कीमतें उपभोक्ताओं के लिए अधिक आकर्षक स्तर पर आ गई हैं. साथ ही, जैसेजैसे शादी का सीजन आगे बढ़ेगा, मौसमी खरीदारी में और तेजी आने की उम्मीद है. उन्होंने आगे बताया कि पिछले हफ्ते भारत और चीन में भी सोने की भौतिक मांग में सुधार देखा गया, जो कीमतों में गिरावट के बाद उपभोक्ताओं की फिर से बढ़ती दिलचस्पी को दर्शाता है.
विदेशी बाजारों में भी आई तेजी
इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म ‘मुड्रेक्स’ के लीड क्वांट एनालिस्ट अक्षत सिद्धांत के अनुसार, घरेलू स्तर पर कीमतें कम होने से खरीदार फिर से फिजिकल गोल्ड की ओर आकर्षित हुए हैं. रुपए में आई मामूली कमजोरी ने भी कीमतों को सहारा दिया. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, स्पॉट गोल्ड 84.27 USD की तेजी के साथ 3,622.38 USD प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी की कीमत 3.3 प्रतिशत बढ़कर 42.59 USD हो गई. सिद्धांत ने कहा कि सोना 14 महीने के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद 2 प्रतिशत से अधिक उछलकर 3,630 USD प्रति औंस के करीब पहुंच गया है.
किनसे तय होगी सोने और चांदी की कीमतें?
अक्षत सिद्धांत आगे कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने ‘ओवरटाइटिनिंग’ के खिलाफ चेतावनी दी, जिसके बाद व्यापारियों ने दिसंबर में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने के अपने दांव कम कर दिए. LKP सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी ने कहा कि बाजार के भागीदारों की नजर अमेरिका के प्रमुख आर्थिक आंकड़ों जैसे कि महंगाई और GDP डेटा पर रहेगी. इन आंकड़ों से महंगाई, आर्थिक विकास और फेडरल रिजर्व की भविष्य की ब्याज दर नीति के बारे में नए संकेत मिल सकते हैं. उन्होंने आगे कहा कि डॉलर में उतारचढ़ाव और वैश्विक आर्थिक घटनाक्रमों के बीच, बुलियन में अस्थिरता के ऊंचे बने रहने की संभावना है.