Yuzvendra Chahal Joins BJP: भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने राजनीति में नई पारी शुरू की है। उन्होंने 21 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय OBC मोर्चा की कार्यकारिणी में स्पेशल इनवाइटी बनाया है। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद और OBC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। खास बात यह है कि इससे 6 दिन पहले ही पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की मेनिफेस्टो कमेटी में जगह मिली थी।

भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने अब राजनीति की पिच पर नई पारी शुरू करते हुए भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य द्वारा जारी सूची में चहल को ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय… pic.twitter.com/lk5ZVWzSut
— Bansal News Official November 22, 2026
OBC मोर्चा में मिली जिम्मेदारी
भाजपा ने शनिवार को राष्ट्रीय OBC मोर्चा की नई कार्यकारिणी और पदाधिकारियों की नियुक्ति की। इसमें युजवेंद्र चहल को स्पेशल इनवाइटी बनाया गया है। पार्टी की ओर से जारी नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। चहल ने भी सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अमरपाल मौर्य का आभार जताया।
7 उपाध्यक्ष और 37 कार्यसमिति सदस्य नियुक्त
भाजपा ने राष्ट्रीय OBC मोर्चा में 7 उपाध्यक्ष, 3 राष्ट्रीय महामंत्री, 7 राष्ट्रीय सचिव और 37 राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य बनाए हैं। उपाध्यक्षों में जोगेन मोहन, ममता मोहंता, संगम लाल गुप्ता, बबनराव रावजी चौधरी, सत प्रकाश राणा, अर्जुन साहनी और संगीता बलवंत बिंद शामिल हैं। वहीं गजेंद्र यादव, प्रमोद मध्वराज और ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है।
400 T20 विकेट लेने वाले पहले भारतीय
चहल में उनके नाम 402 विकेट हैं। वह 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने हैं।
पंजाब किंग्स में भी बरकरार जगह
चहल IPL में पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं। उनके नाम 188 मैचों में 233 विकेट दर्ज हैं। वह IPL इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। पंजाब किंग्स ने उन्हें 2027 सीजन के लिए भी रिटेन किया है। चहल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे हैं।
पंजाब चुनाव में मिली जिम्मेदारी
भाजपा ने 15 नवंबर को पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह और राघव चड्ढा को पंजाब विधानसभा चुनाव की मेनिफेस्टो कमेटी में शामिल किया था। यह कमेटी चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र और विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी। इसी साल अप्रैल में हरभजन सिंह और राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के कई राज्यसभा सांसद भाजपा में शामिल हुए थे।
स्पेशल इनवाइटी का क्या मतलब है?
स्पेशल इनवाइटी ऐसे व्यक्ति को बनाया जाता है, जो कार्यसमिति का स्थायी सदस्य नहीं होता, लेकिन उसे विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में जगह दी जाती है। उसे बैठकों में शामिल होने, अपनी बात रखने और सुझाव देने का अवसर मिलता है। हालांकि, आमतौर पर पार्टी के आंतरिक चुनावों में वोटिंग का अधिकार नहीं होता।