Chinese Gaming Scam: ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के शौकीन भारतीयों की जेब से निकला पैसा कैसे चुपचाप विदेश पहुंच रहा था, इसका बड़ा खुलासा हुआ है. इनकम टैक्स विभाग ने अक्टूबर के तीसरे हफ्ते में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चीन से जुड़े ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी ऐप्स के 2700 करोड़ रुपये के पेमेंट नेटवर्क को खत्म कर दिया है. ये पूरा खेल भारत में मौजूद एक पेमेंट मीडिएटर और कागजी कंपनियों के जाल के सहारे चल रहा था.

इकोनॉमिक्स टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस छापेमारी में करीब 6.2 करोड़ रुपये की अघोषित क्रिप्टोकरेंसी जब्त की गई है. इसके अलावा दुबई में दो ऐसे फ्लैटों का भी पता चला है, जिनकी जानकारी छिपाई गई थी. बताया जा रहा है कि इन दोनों फ्लैटों को खरीदने के लिए क्रिप्टोकरेंसी के जरिए करीब 10 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था. टैक्स अधिकारियों ने क्रिप्टो के रास्ते विदेश भेजे गए पैसों का सुराग लगा लिया है और इन फर्जी कंपनियों के पीछे बैठे असली लोगों की पहचान भी कर ली है.
डिजिटल आर्ट के नाम पर ऐसे चलता था UPI पेमेंट का पूरा खेल
इस पूरी जांच के केंद्र में 1stPe नाम का एक डमी डिजिटल आर्ट प्लेटफॉर्म और इसके प्रमोटर हैं. इसके सर्वर डेटा की शुरुआती जांच में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. जुलाई 2023 से अक्टूबर 2026 के बीच, यानी लगातार 40 महीनों तक इस प्लेटफॉर्म ने चीनी गेमिंग ऐप्स की तरफ से करीब 2700 करोड़ रुपये इकट्ठा किए. इसके बदले 1stPe ने कमीशन के तौर पर करीब 170 करोड़ रुपये की मोटी कमाई की.
दरअसल, चीन से जुड़ी गेमिंग कंपनियां भारतीय खिलाड़ियों से सीधे UPI के जरिए पैसा नहीं ले सकतीं. इसी बाधा को पार करने के लिए ये पूरा सिस्टम तैयार किया गया था. गेमिंग प्लेटफॉर्म के सर्वरों को 1stPe से जुड़ने की खास अनुमति दी गई थी, जो एक भारतीय पेमेंट मीडिएटर की तरह काम कर रहा था. 1stPe के प्रमोटरों के सहयोगियों ने कई शेल यानी कागजी कंपनियां बनाईं. इन कंपनियों ने डिजिटल आर्ट प्रोडक्ट बेचने वाली फर्जी वेबसाइटें तैयार कीं और खुद को असली कारोबारी बताकर भारतीय पेमेंट मीडिएटर से मर्चेंट आईडी हासिल कर ली.
जब कोई भारतीय खिलाड़ी किसी गेमिंग ऐप में UPI से पैसा जमा करता था, तो पेमेंट की रिक्वेस्ट पहले 1stPe के पास जाती थी. वहां से इसे किसी शेल कंपनी की मर्चेंट आईडी के जरिए पेमेंट मीडिएटर को भेज दिया जाता था. पेमेंट गेटवे Airpay इस लेनदेन को डिजिटल आर्ट की बिक्री मानकर दर्ज कर लेता था और पैसा उस शेल कंपनी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर देता था. हर वसूली में से 1stPe अपना कमीशन अलग से काट लेता था, जो बढ़तेबढ़ते 170 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
खाता फ्रीज होने पर तुरंत बदल दी जाती थी शेल कंपनी
इनकम टैक्स की जांच में साफ हो गया कि इन कंपनियों का डिजिटल आर्ट से दूरदूर तक कोई लेनादेना नहीं था. ये कंपनियां सिर्फ गेमिंग का पैसा इकट्ठा करने के लिए मुखौटे की तरह काम कर रही थीं. किसी बैंक या एजेंसी को शक न हो, इसके लिए पैसों को एक खाते में जमा करने के बजाय कई अलगअलग कंपनियों में बांटा जाता था. इससे किसी एक खाते में अचानक भारी लेनदेन नजर नहीं आता था.
इस नेटवर्क को चलाने वाले लोग बेहद शातिर थे. जैसे ही कोई बैंक या पेमेंट मीडिएटर संदिग्ध गतिविधि देखकर किसी कंपनी का खाता फ्रीज करता था, पेमेंट का पूरा ट्रैफिक तुरंत दूसरी कंपनी पर शिफ्ट कर दिया जाता था. काम रुकने न पाए, इसके लिए लगातार नई शेल कंपनियां खड़ी की जाती थीं. इनके लिए नाममात्र के यानी नॉमिनी डायरेक्टर रखे जाते थे, वर्चुअल ऑफिस दिखाए जाते थे और नई डमी वेबसाइट बनाकर ताजा मर्चेंट आईडी ले ली जाती थी.
सर्वर से मिले 113 क्लाइंट लॉगिन, ‘होप’ के जरिए चल रहे थे बड़े ऐप
अधिकारियों ने जब 1stPe के सर्वर डेटा को खंगाला, तो उन्हें चीनी गेमिंग ऐप्स से जुड़े 113 क्लाइंट लॉगिन मिले. इनमें कई बड़े और चर्चित नाम शामिल हैं, जैसे KumarPay, BuddyPay, RummyPepper, BlueBerryRummy, Zoomnakki, DeepRummy और Xxv918. जांच में एक दिलचस्प बात ये सामने आई कि KumarPay, Xxv918 और RummyPepper एक ही कॉमन पेरेंट लॉगिन के नीचे काम कर रहे थे. इस मुख्य लॉगिन को ‘Hope’ नाम से चलाया जा रहा था. इनके अलावा सर्वर डेटा में KingGameRummy, WildBearRummy, VistonGame, LuckyStar और 1Win जैसे दूसरे गेमिंग और सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के नाम भी सामने आए हैं. इन सभी के जरिए भारतीयों का पैसा इस अवैध नेटवर्क में आ रहा था.