रुपया में लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही और यह शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 65 पैसे मजबूत होकर 92.67 प्रति डॉलर पर रहा. विदेशी पूंजी के लगातार प्रवाह और घरेलू शेयर बाजार में तेजी के बीच रुपया सात महीने से अधिक समय बाद पहली बार 93 प्रति डॉलर के स्तर से ऊपर रहा. विदेशी मुद्रा विश्लेषकों ने कहा कि रुपए में मजबूती का कारण कमजोर अमेरिकी करेंसी और अमेरिका, ताइवान तथा दक्षिण कोरिया जैसे बाजारों में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से जुड़े शेयर के कमजोर पड़ने के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों के भारतीय बाजार में लगातार निवेश है.

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और डॉलर के कमजोर रहने से रुपए को समर्थन मिला. आंकड़ों के अनुसार, विदेशी निवेशकों ने नवंबर में दो से 13 तारीख के बीच नौ कारोबारी सत्रों में भारतीय शेयरों में 84,290 करोड़ रुपए का निवेश किया. यह लगातार दो महीने तक शुद्ध निकासी के बाद उनकी जोरदार वापसी है. ताजा निवेश के बाद वर्ष 2026 में भारतीय शेयर बाजार से विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की कुल निकासी घटकर करीब 2.1 लाख करोड़ रुपए रह गई है. कुछ सप्ताह पहले यह लगभग तीन लाख करोड़ रुपए थी.
रुपए में जबरदस्त उछाल
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.25 प्रति डॉलर पर खुला. कारोबार के दौरान यह मजबूत होकर 92.65 के उच्चस्तर तक गया और अंत में 65 पैसे मजबूत होकर 92.67 प्रति डॉलर पर बंद हुआ. इसने 10 अप्रैल के बाद पहली बार 93 प्रति डॉलर का स्तर पार किया. उस दिन रुपया 92.83 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था. रुपया बृहस्पतिवार को नौ पैसे मजबूत होकर 93.32 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था.
पिछले पांच लगातार कारोबारी सत्रों के दौरान शुक्रवार को रुपए में 1.6 प्रतिशत से अधिक की मजबूती आई है. इससे पहले 13 नवंबर को यह 94.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था. मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजार में तेजी तथा विदेशी निवेशकों के नए निवेश से रुपए में जोरदार मजबूती आई और यह 93 प्रति डॉलर के स्तर से ऊपर रहा. उन्होंन कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपए का हाजिर भाव 92.40 से 93 के दायरे में रह सकता है.
शेयर बाजार में आई तेजी
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत गिरकर 103.87 पर रहा. इंटरनेशनल मार्केट में ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.82 फीसदी टूटकर 90.31 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 897.96 अंक यानी 1.08 प्रतिशत चढ़कर 83,919.71 अंक पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 286.30 अंक यानी 1.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,800.60 अंक पर रहा. दोनों सूचकांक इससे पिछले कारोबारी सत्र में भी एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए थे. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 7,411.41 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे.