Karnataka News: बेंगलुरु के बनाशंकरी थाना क्षेत्र से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां पारिवारिक विवाद के चलते एक सौतेले पिता ने अपने 18 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी. फिर पत्नी पर हमला करने के बाद घर में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया. हैरानी और दर्द की बात यह रही कि मृतक की मां तीन दिनों तक बिना भोजन और पानी के घर में बंद रही और आंखों के सामने अपने बेटे का शव देखकर रोती रही. तीन दिन बाद जब मकान मालिक अपार्टमेंट देखने आया, तब इस भयावह वारदात का खुलासा हुआ. पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के मुताबिक, पड़ोसियों ने अपार्टमेंट के मालिक से शिकायत की थी कि पतिपत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता है, जिस पर मालिक ने उन्हें शांति बनाए रखने या घर खाली करने की चेतावनी भी दी थी. 16 नवंबर की रात घर में फिर से जोरदार झगड़ा हुआ और कुछ देर बाद शोर शांत हो गया, जिसे पड़ोसियों ने मामूली विवाद समझा.
बाथरूम में मिला बेटे का शव, कमरे में तड़प रही थी मां
आरोप है कि उसी रात सुदीप ने अपने 18 वर्षीय सौतेले बेटे सोहम दास की हत्या कर दी, पत्नी सीमा दास पर हमला किया और बाहर से दरवाजा बंद कर भाग गया. तीन दिन तक मांबेटे के घर से बाहर न निकलने पर पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने मकान मालिक को बताया. दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई जवाब न मिलने पर पुलिस को बुलाया गया. चाबी बनाने वाले की मदद से ताला खोलने पर हॉल में खून के धब्बे और बाथरूम में सोहम का शव मिला, जबकि दूसरे कमरे में सीमा दास तीन दिनों से भूखीप्यासी तड़प रही थीं.
पुलिस ने महिला को सुरक्षित बचाया, आरोपी सौतेला पिता गिरफ्तार
कमरे के अंदर से सीमा दास के चीखने की आवाज सुनकर पुलिस ने उन्हें तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए भेजा. बनाशंकरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी सौतेले पिता सुदीप को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात के पीछे की पूरी वजह जानने के लिए उससे गहन पूछताछ की जा रही है.