Central Sector Scholarship Scheme: मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कॉलेज में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स के लिए सेंट्रल सेक्टर स्कीम ऑफ स्कॉलरशिप के आवेदन की प्रोसेस शुरू कर दी है।

इस योजना के अंतर्गत वर्ष 2026 में 12वीं की परीक्षा पास करने वाले पात्र विद्यार्थी नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
केंद्र सरकार की इस योजना के तहत मध्यप्रदेश के लिए हर साल 4299 छात्रवृत्तियों का कोटा निर्धारित किया गया है। इनमें 50 प्रतिशत छात्रवृत्तियां छात्राओं और 50 प्रतिशत छात्रों के लिए आरक्षित हैं।
विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के बीच स्कॉलरशिप का वितरण 3:3:1 के अनुपात में किया जाएगा।
इसके अलावा अनुसूचित जाति के स्टूडेंट्स के लिए 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के लिए 7.5 प्रतिशत, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए 5 प्रतिशत कोटा निर्धारित किया गया है।
स्कॉलरशिप के लिए कौन कर सकता है आवेदन?
एमपी बोर्ड की वर्ष 2026 की 12वीं परीक्षा में 80वें परसेंटाइल से ऊपर स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी नई स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदक का शैक्षणिक सत्र 202627 में किसी मान्यता प्राप्त सरकारी या निजी कॉलेज या यूनिवर्सिटी में नियमित स्नातक पाठ्यक्रम में अध्ययनरत होना जरूरी है।
वहीं, वर्ष 2022 से 2025 के बीच छात्रवृत्ति के लिए चयनित विद्यार्थी नवीनीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
सभी पात्र स्टूडेंट्स को नहीं मिलेगी स्कॉलरशिप
मंडल ने स्पष्ट किया है कि 80वें परसेंटाइल से ऊपर स्थान प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को स्कॉलरशिप मिलना जरूरी नहीं है। संस्थान और राज्य स्तर पर आवेदनों का सत्यापन होने के बाद केंद्र सरकार मेरिट सूची तैयार करेगी। इस सूची में चयनित विद्यार्थियों को ही छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
आवेदन के लिए ये जरूरी दस्तावेज
स्कॉलरशिप आवेदन के लिए आधार नंबर, विद्यार्थी के खुद के नाम का आधार से जुड़ा राष्ट्रीयकृत बैंक खाता और व्यक्तिगत मोबाइल नंबर जरूरी है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद स्टूडेंट्स को आवेदन की पावती का प्रिंट सुरक्षित रखना होगा।
यहां जमा करा सकते हैं स्कॉलरशिप आवेदन
साथ ही जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन की हार्डकॉपी अपने शिक्षण संस्थान में जमा कराकर सत्यापन भी करवाना होगा। विद्यार्थी नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत दिशानिर्देश भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध हैं।