प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती राजभवन में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा के दौरान एक दिलचस्प वाकया देखने को मिला. कथा में पहुंचे मेहमानों का स्वागत करते हुए कुंडा विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने बांसी से बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री जय प्रताप सिंह की चुटकी ली. राजा भैया ने उन्हें उत्तर प्रदेश विधानसभा का सबसे कंजूस विधायक बताया. इसके बाद मुस्कुराते हुए कहा जीजा हैं, मजाक कर लेता हूं.

कौन हैं जय प्रताप सिंह?
जय प्रताप सिंह, सिद्धार्थनगर जिले की बांसी विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक हैं. उनका जन्म 7 सितंबर 1953 को बिहार के डुमरांव में हुआ था. उनके पिता का नाम राजा रुद्र प्रताप सिंह था. जय प्रताप सिंह बांसी के राजपरिवार से ताल्लुक रखते हैं. उनकी पत्नी का नाम वसुंधरा कुमारी है. दोनों के दो बेटे हैं. जय प्रताप सिंह लंबे समय से उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हैं. वह 1989 में पहली बार बांसी से विधायक चुने गए थे.
इसके बाद 1991, 1993, 1996 और 2002 में भी विधानसभा पहुंचे. 2012 में उन्होंने फिर जीत दर्ज की. 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में भी बांसी सीट से विधायक चुने गए. इस तरह वह आठ बार विधानसभा पहुंच चुके हैं. 2017 में योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में जय प्रताप सिंह को मंत्री बनाया गया था. उनके पास आबकारी एवं मद्य निषेध के साथ चिकित्सा एवं स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की जिम्मेदारी भी रही.
जय प्रताप सिंह के पास कितनी संपत्ति?
जय प्रताप सिंह ने 2022 के विधानसभा चुनाव में दाखिल हलफनामे में कुल 8 करोड़ 6 लाख 85 हजार 33 रुपये की संपत्ति घोषित की थी. इसमें उनकी और पत्नी की चलअचल संपत्ति शामिल है. ADR के रिकॉर्ड के मुताबिक, जय प्रताप सिंह के नाम पर 76 लाख 64 हजार 527 रुपये की चल संपत्ति और 4 करोड़ 90 लाख 21 हजार 820 रुपये की अचल संपत्ति दर्ज थी. इस तरह उनके नाम पर कुल 5 करोड़ 66 लाख 86 हजार 347 रुपये की संपत्ति थी.
उनकी पत्नी वसुंधरा कुमारी के नाम पर 1 करोड़ 37 लाख 98 हजार 686 रुपये की चल संपत्ति और 1 करोड़ 2 लाख रुपये की अचल संपत्ति दर्ज थी. यानी पत्नी के नाम पर कुल 2 करोड़ 39 लाख 98 हजार 686 रुपये की संपत्ति घोषित की गई थी.
सोनाचांदी और बैंक में जमा रकम
हलफनामे के मुताबिक, जय प्रताप सिंह के पास 603 ग्राम सोना और 1,714 ग्राम चांदी थी. इनकी घोषित कीमत क्रमश: 28 लाख 94 हजार 400 रुपये और 1 लाख 4 हजार 554 रुपये थी. उनकी पत्नी के पास 2,511 ग्राम सोना और 6,637 ग्राम चांदी थी. इनकी कीमत 1 करोड़ 20 लाख 52 हजार 800 रुपये और 4 लाख 4 हजार 857 रुपये बताई गई थी.
जय प्रताप सिंह के बैंक खातों में करीब 43 लाख 70 हजार रुपये जमा थे. उनकी पत्नी के बैंक खातों में करीब 9 लाख 97 हजार रुपये जमा थे. हलफनामे में जय प्रताप सिंह के पास एक पिस्टल और एक राइफल भी दर्ज है. उनकी पत्नी के नाम पर भी एक पिस्टल और एक राइफल घोषित की गई थी.
कितनी है सालाना आमदनी?
हलफनामे में दिए गए आयकर रिटर्न के ब्योरे के मुताबिक, वित्त वर्ष 202122 में जय प्रताप सिंह की कुल आय 32 लाख 66 हजार 980 रुपये दिखाई गई थी. उनकी पत्नी की इसी वित्त वर्ष की आय 9 लाख 66 हजार 557 रुपये दर्ज थी. हलफनामे में जय प्रताप सिंह ने अपने खिलाफ कोई आपराधिक मामला घोषित नहीं किया था. साथ ही बैंक, वित्तीय संस्थान या किसी अन्य व्यक्ति की देनदारी भी शून्य बताई थी.
19 नवंबर को पहुंचे थे कुंडा
जय प्रताप सिंह 19 नवंबर 2026 को कुंडा के बेंती राजभवन में आयोजित रामकथा में शामिल हुए थे. राजा भैया की ओर से आयोजित इस कथा में प्रदेश और देश के कई राजनीतिक चेहरे पहुंचे. इनमें उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, तेलंगाना के विधायक टी राजा सिंह और पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह समेत कई नेता शामिल थे. जय प्रताप सिंह भी इसी दौरान कथा स्थल पर पहुंचे थे.