नवंबर के महीने में शेयर बाजार में बच्छी बढ़त देखने को मिली है. अनुमान लगाया जा रहा है जिस तरह से विदेशी निवेशकों का निवेश लगातार आ रहा है और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है. आने वाले दिनों में भी शेयर बाजार में अच्छी तेजी देखने को मिल सकती है. यही वजह से देश की कई कंपनियां बाजार में दस्तक देने जा रही है. दिसंबर के महीने में कई कंपनियां इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO के जरिए कुल 10,000 से 12,000 करोड़ रुपए जुटाने की योजना बना रही हैं. इसके साथ ही, भारत के प्राइमरी मार्केट के लिए यह साल शेयर सेल के लिहाज से एक रिकॉर्ड साल साबित हो सकता है.

ईटी की रिपोर्ट के अनुसार फूडलिंक F&B होल्डिंग्स , जेराई फिटनेस , स्वरा बेबी प्रोडक्ट्स , नोबेल हाइजीन , कल्ट.फिट और PRISM जैसी कंपनियां बाजार में उतरने की तैयारी कर रही हैं. इनमें से कई कंपनियां ऐसे खास सेगमेंट में काम करती हैं, जिनके जैसी दूसरी कंपनियां भारत के शेयर बाजार में या तो हैं ही नहीं, या बहुत कम हैं.
क्यों खास हैं ये कंपनियां
JM फाइनेंशियल की मैनेजिंग डायरेक्टर और इक्विटी कैपिटल मार्केट्स की प्रमुख, नेहा अग्रवाल ने ईटी रिपोर्ट में कहा कि निवेशक अब ऐसे कंजम्पशन सेक्टर्स में निवेश करना चाहते हैं, जो पहले केवल प्राइवेट मार्केट के जरिए ही संभव थे. ऊपर बताई गई कंपनियों को शेयर सेल के लिए रेगुलेटरी मंजूरी मिल चुकी है और वे अगले महीने अपना इश्यू लाने की योजना बना रही हैं.
अग्रवाल ने बताया कि लोगों की खर्च करने योग्य आय में बढ़ोतरी, शहरीकरण और स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता की वजह से कई ऐसे बड़े बाजार तैयार हो रहे हैं, जहां अभी तक कंपनियों की पहुंच कम है. इन कंपनियों ने इन सेगमेंट में अपना बड़ा बेस बनाया है और अपनी एक खास पहचान कायम की है. प्रमोटर्स और प्राइवेट इक्विटी निवेशकों के लिए, घरेलू बाजार में मौजूद भारी कैश और म्यूचुअल फंड व रिटेल निवेशकों की मजबूत भागीदारी को देखते हुए, यह लिस्ट होने का एक बेहतरीन मौका है.
तेजी से बदल रहा रेगुलेटरी माहौल
JSA के पार्टनर अर्का मुखर्जी ने ईटी की रिपोर्ट में कहा कि फाइनेंशियलाइजेशन के चलते, अब बाजार में और भी अलगअलग तरह की कंपनियां आ रही हैं. इनमें से हर कंपनी अपने खास सेगमेंट में मार्केट लीडर है, चाहे वह भौगोलिक स्थिति के हिसाब से हो या बिजनेस कैटेगरी के हिसाब से. उन्होंने कहा कि हर नए इश्यू से मिलने वाले फीडबैक को ध्यान में रखते हुए रेगुलेटरी माहौल भी तेजी से बदल रहा है. जल्द ही नए ICDR नियम आने वाले हैं. उम्मीद है कि इससे अगली 100 कंपनियों को मुख्य बोर्ड पर लिस्ट होने में मदद मिलेगी.
कैलेंडर वर्ष 2026, जिसमें जियो प्लेटफॉर्म्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के मेगा IPO आए, भारत के प्राइमरी मार्केट के लिए एक शानदार साल साबित होने की राह पर है. सेकेंडरी मार्केट में सुस्ती के बावजूद, अक्टूबर तक IPO के जरिए यहां 1.58 लाख करोड़ रुपए जुटाए गए. उस समय तक कमजोर प्रदर्शन करने वाले सेंसेक्स और निफ्टी में, विदेशी फंड के भारी प्रवाह के चलते, तब से अब तक 10 फीसदी से अधिक की तेजी आई है.
ये कंपनियां कर रही हैं लिस्टिंग की तैयारी
- फूडलिंक F&B होल्डिंग्स ने 160 करोड़ रुपए के फ्रेश इश्यू और 12 मिलियन शेयरों के ऑफर फॉर सेल के साथ एक IPO लाने की योजना बनाई है. इस कंपनी को संजय वजीरानी ने प्रमोट किया है और यह लग्जरी कैटरिंग, बैंक्वेटिंग, कैजुअल डाइनिंग रेस्तरां और क्लाउड किचन के क्षेत्र में काम करती है. इसके कामकाज भारत, UAE, UK और मलेशिया में फैले हुए हैं.
- जेराई फिटनेस का प्रस्तावित IPO पूरी तरह से 4.39 मिलियन शेयरों का ऑफर फॉर सेल होगा. यह कंपनी जिम, होटल, क्लब, आवासीय और कमर्शियल प्रोजेक्ट्स, और शैक्षणिक संस्थानों के लिए स्ट्रेंथ और कार्डियोवैस्कुलर उपकरण बनाती है. इसके प्रोडक्ट ‘जेराई फिटनेस’ और ‘रीबॉक’ ब्रांड के तहत बेचे जाते हैं.
- स्वरा बेबी प्रोडक्ट्स का IPO, जो संभवतः 1,000 करोड़ रुपए का होगा, इसमें फ्रेश इश्यू और OFS दोनों शामिल हैं. यह कंपनी बेबी केयर, एडल्ट इनकॉन्टिनेंस और फेमिनिन हाइजीन श्रेणियों में डिस्पोजेबल हाइजीन प्रोडक्ट बनाती है.
- नोबेल हाइजीन के IPO में 150 करोड़ रुपए का फ्रेश इश्यू और 15.5 मिलियन शेयरों का OFS शामिल होगा. कंपनी ने बड़ों, बच्चों और महिलाओं के लिए एब्जॉर्बेंट हाइजीन कैटेगरीज में अपनी मौजूदगी बनाई है. इसका ‘फ्रेंड्स’ ब्रांड भारत में एडल्ट एब्जॉर्बेंट हाइजीन कैटेगिरी को लाने वाला पहला ब्रांड था.
- कल्ट.फिट ने 4,000 करोड़ रुपए के IPO की योजना बनाई है, जिसमें फ्रेश इश्यू और OFS दोनों शामिल हैं. यह भारत का एकमात्र ऐसा फिटनेस और एक्टिव लाइफस्टाइल प्लेटफॉर्म है, जो फिटनेस सेवाओं और फिटनेस प्रोडक्ट्स, दोनों सेक्टर्स में मौजूद है.
- प्रिज्म ने 3,350 करोड़ रुपए के IPO की योजना बनाई है. इसका एक खास B2B और B2C हॉस्पिटैलिटी टेक्नोलॉजी मॉडल है, जो होटलों को ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म पर अपनी इन्वेंट्री दिखाने और डायनेमिक प्राइसिंग की सुविधा देता है.
क्या बाजार में दम दिखा पाएंगी ये कंपनियां
वैल्यूएशन विशेषज्ञों के अनुसार, शेयर बाजार में लिस्टेड ऐसी कोई दूसरी कंपनी न होने के कारण, इन कंपनियों के लिए अपना वैल्यूएशन तय करना एक बड़ी चुनौती हो सकती है. मुंबई स्थित वैल्यूएशन और स्ट्रैटेजिक एडवाइजरी फर्म ‘ट्रांसेंडम’ के पार्टनर देव चंद्रशेखर ने ईटी की रिपोर्ट में कहा कि ये सेक्टर्स बढ़ते खर्च, बढ़ती उम्र वाली आबादी और बदलती शहरी जीवनशैली पर आधारित हैं. अब तक आम निवेशकों के पास इनमें हिस्सेदारी खरीदने का कोई खास जरिया नहीं था.
चंद्रशेखर ने कहा कि पेच यह है कि जब किसी कंपनी की कोई लिस्टेड समकक्ष कंपनी नहीं होती, तो उसकी कीमत तय करने के लिए कोई बेस नहीं होता. जो कंपनियां ‘अपनी तरह की इकलौती’ होने की दुर्लभता के दम पर प्रीमियम वसूलना चाहती हैं, उन्हें लिस्टिंग के बाद झटका लग सकता है. जैसेजैसे यह नयापन खत्म होगा और तिमाही नतीजे आने शुरू होंगे, उनका यह प्रीमियम भी कम हो सकता है.