Pew Research Report 2026: दुनिया की धार्मिक आबादी को लेकर प्यू रिसर्च सेंटर ने 18 नवंबर 2026 को एक महत्वपूर्ण रिपोर्ट जारी की है। इसमें अनुमान जताया गया है कि वर्ष 2035 तक मुस्लिम आबादी ईसाइयों की संख्या को पीछे छोड़ सकती है।

यदि मौजूदा जनसांख्यिकीय रुझान जारी रहे, तो इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईसाई और मुस्लिम दोनों समुदायों की आबादी बढ़ेगी, लेकिन मुस्लिम आबादी में वृद्धि की रफ्तार अधिक रहने का अनुमान है।
2035 तक मुस्लिम आबादी 257 करोड़ होने का अनुमान
प्यू रिसर्च सेंटर के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2020 में दुनिया में करीब 227 करोड़ ईसाई और 202 करोड़ मुसलमान थे। नए अनुमानों के मुताबिक, 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर लगभग 257 करोड़ और ईसाई आबादी 252 करोड़ हो सकती है।
वहीं, 2070 तक दुनिया में मुस्लिम आबादी 360 करोड़ से अधिक पहुंचने का अनुमान है, जबकि ईसाई आबादी लगभग 300 करोड़ के आसपास रह सकती है।
We project Muslims will be the largest religious group by 2035.
Both Muslims and Christians will grow in number in the coming decades, but Muslims will grow at a faster pace. pic.twitter.com/GRbONeYys7
— Pew Research Center November 18, 2026
आबादी बढ़ने की सबसे बड़ी वजह क्या है?
प्यू रिसर्च सेंटर के वरिष्ठ जनसांख्यिकी विशेषज्ञ कॉनराड हैकेट के अनुसार, धार्मिक आबादी में बदलाव का प्रमुख कारण जन्मदर है। धर्म परिवर्तन की तुलना में अलगअलग समुदायों की प्रजनन दर का असर अधिक रहने का अनुमान है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर 3.1 बच्चे प्रति महिला रही, जबकि ईसाई महिलाओं में यह आंकड़ा 2.5 था। अन्य धार्मिक समूहों और धर्म से असंबद्ध महिलाओं की संयुक्त औसत दर 1.6 दर्ज की गई।
पाकिस्तान में हो सकती है सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी
रिपोर्ट में अनुमान है कि 2070 तक पाकिस्तान सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है। फिलहाल यह स्थान इंडोनेशिया के पास है। पाकिस्तान के बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया में बड़ी मुस्लिम आबादी रहने का अनुमान है।
प्यू के अनुसार, पाकिस्तान की मुस्लिम आबादी 2020 के लगभग 22.7 करोड़ से बढ़कर 2070 में 46.1 करोड़ तक पहुंच सकती है।
अमेरिका और कनाडा में घट सकती है ईसाइयों की हिस्सेदारी
रिपोर्ट में उत्तरी अमेरिका की धार्मिक आबादी में बड़े बदलाव का अनुमान लगाया गया है। अमेरिका और कनाडा में आने वाले दशकों में ईसाइयों की आबादी का प्रतिशत कम हो सकता है।
अमेरिका में 2070 तक ईसाइयों की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से नीचे जाने का अनुमान है। इसके पीछे एक प्रमुख कारण ऐसे लोगों की बढ़ती संख्या है, जो स्वयं को किसी भी धर्म से नहीं जोड़ते। इनमें नास्तिक और अज्ञेयवादी भी शामिल हैं।
हिंदू, बौद्ध और दूसरे धार्मिक समूहों का क्या होगा?
प्यू के अनुमानों के अनुसार, आने वाले दशकों में हिंदू और यहूदी आबादी की कुल संख्या बढ़ सकती है, लेकिन विश्व की कुल जनसंख्या में उनकी प्रतिशत हिस्सेदारी घटने की संभावना है।
वहीं, बौद्ध आबादी की संख्या और वैश्विक हिस्सेदारी दोनों में गिरावट का अनुमान है। चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों में संभावित जनसंख्या गिरावट इसका एक महत्वपूर्ण कारण मानी गई है।
अफ्रीका में तेजी से बढ़ेगी धार्मिक आबादी
रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले दशकों में विश्व की जनसंख्या वृद्धि का बड़ा हिस्सा उपसहारा अफ्रीका में केंद्रित रहने की संभावना है। इस क्षेत्र में ईसाई और मुस्लिम दोनों समुदायों की आबादी बढ़ने का अनुमान है।
2070 तक दुनिया के आधे से अधिक ईसाई उपसहारा अफ्रीका में रह सकते हैं। इसके अलावा डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो सर्वाधिक ईसाई आबादी वाला देश बन सकता है।