समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है. कोर्ट ने ईडी के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम को अंतरिम जमानत दे दी है. अब हाईकोर्ट इस मामले में अगली सुनवाई 10 दिसंबर को करेगा. इस बीच अंतरिम जमानत मिलने के बाद, आजम खान के जेल से रिहा होने का रास्ता साफ हो गया है.

हाई कोर्ट ने कहा कि प्रथम दृष्टया, आजम खान की गिरफ्तारी के समय संविधान के अनुच्छेद 22 और ‘प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट’ की धारा 19 के अनिवार्य प्रावधानों का सख्ती से पालन नहीं किया गया था. कोर्ट ने निर्देश दिया है कि आजम खान को एक पर्सनल बॉन्ड और उतनी ही राशि की दो जमानतें देने पर रिहा किया जाए. उन्हें गाजियाबाद के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की संतुष्टि के अनुसार जमानत बॉन्ड भरने होंगे.
इस मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को तय की गई है. इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल और इमरान उल्लाह ने आजम खान की ओर से पैरवी की. यह आदेश न्यायमूर्ति राजीव गुप्ता और न्यायमूर्ति देवेंद्र सिंहप्रथम की खंडपीठ ने दिया.
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में SC से राहत
इससे पहले मंगलवार को ही, फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली. सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान की दोषसिद्धि पर रोक लगाने के इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा. इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट ने यही राहत उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी दी, जिन्हें पहले हाई कोर्ट से यह राहत नहीं मिली थी.
खबर अपडेट की जा रही है…